कानपुर देहात के गजनेर सब्जी मंडी में बृहस्पतिवार शाम भाई ने बड़ी बहन की गर्दन पर पीछे से बांका से हमला कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी आलाकत्ल के साथ थाने पहुंचा। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
आरोपी ने बताया कि बहन के किसी से संबंध थे। इसके विरोध में ही हत्याकांड को अंजाम दिया। सरवनखेड़ा सीएचसी में कार्यरत रामखिलावन की बड़ी बेटी रजनी (28) की पांच वर्ष पहले घाटमपुर में शादी हुई थी।
शादी के कुछ दिन बाद ही पति की मौत हो गई। इसके बाद से रजनी गजनेर स्थित मायके में रह रही थी। गुरुवार की शाम पांच बजे के करीब छोटा भाई वीरेंद्र उर्फ नूरन घर पहुंचा तो रजनी घर पर नहीं थी।
बहन को तलाशते हुए वह गजनेर सब्जी मंडी पहुंचा। वह बहन नजर आ गई। तभी पीछे से बांका लेकर पहुंचे वीरेंद्र ने बहन की गर्दन पर एक के बाद एक कई वार कर दिए। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई।