कानपुर में नगर निगम अटल घाट की तर्ज पर बाबा सिद्धनाथ घाट बनवाएगा। गंगा आरती के लिए भी विशेष तरह के चबूतरे बनेंगे। इस कार्य के लिए 10 मार्च तक ई-टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। अगले महीने से ही निर्माण शुरू कराने की तैयारी की जा रही है। लागत 10.42 करोड़ रुपये है। डेढ़ साल में निर्माण पूरा होगा। नगर निगम ने पिछले साल चार करोड़ रुपये से सिद्धनाथ कॉरिडोर का निर्माण कराया था।
जाजमऊ में राष्ट्रीय राजमार्ग मोड़ पर भव्य गेट, चार लेन की सड़क, फुटपाथ, नालियां, आकर्षक स्ट्रीट लाइटें, मूर्ति, हरा-भरा पार्क, फव्वारे, बेंच आदि लगवाई गई हैं। इससे भक्तों का बाबा के दरबार तक आवागमन सुमन हो गया है। इसी बीच शासन ने मुख्यमंत्री वैश्विक नगर योजना के तहत सिद्धनाथ घाट का सुंदरीकरण कराने का प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया।