Unnao News: रेल गंगापुल का डीआरएम लखनऊ मंडल ने निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि अभी पुल 34 साल तक मजबूत रहेगा। इस पर ट्रेनें निकलती रहेंगी, दिक्कत नहीं होगी।
डीआरएम लखनऊ मंडल एसएम शर्मा ने मंगलवार की शाम अंग्रेजों के जमाने में बने रेल गंगापुल का निरीक्षण किया। वह गंगाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां से पुश ट्रॉली से गंगापुल तक गए। उन्होंने कहा कि जल्द ही करीब 40 दिन का मेगा ब्लाॅक लिया जाएगा। इस बीच अप रेल लाइन का मरम्मतीकरण कार्य होगा। नए स्लीपर व ट्रफ डाले जाएंगे। कहा कि अभी भी पुल करीब 34 साल तक मजबूत रहेगा, जिस पर से ट्रेनें गुजरती रहेंगी।
विज्ञापन
डीआरएम विशेष कोच से शाम चार बजे गंगाघाट रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां से वह पुश ट्रॉली से रेल गंगापुल के कानपुर छोर की ओर गए। उन्होंने बीच-बीच में रुककर रेल पथ और ट्रफ का निरीक्षण किया। कानपुर छोर से वापस रेलवे स्टेशन पहुंचे। पत्रकारों से हुई बातचीत में डीआरएम ने बताया कि अप रेल लाइन के स्लीपर और ट्रफ बदले जाने हैं। इसके लिए जल्द ही मरम्मतीकरण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। रेलवे कम से कम 40 दिन का मेगा ब्लाॅक लेगा। इस दौरान पुल के डाउन रेल पथ से ही अप की ट्रेनों को भी क्रमवार निकाला जाएगा। बताया कि मरम्मतीकरण कार्य 12-12 घंटे के दो चरणों में होगा।
विज्ञापन
पुल की मजबूती के सवाल पर कहा कि रेल गंगापुल की आयु अब तक करीब 116 वर्ष हो गई है। अभी 34 साल तक पुल और मजबूत रहेगा। इस पर ट्रेनें गुजरती रहेंगी। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं होगी। समय-समय पर मेंटीनेंस का कार्य भी होता रहेगा। डीआरएम शाम पांच बजे लखनऊ के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान सीनियर डीएनसी विकास गोयल, सीनियर डीओएम रजनीश कुमार श्रीवास्तव आदि अधिकारी भी माैजूद रहे।
रेल गंगापुल का देखा नक्शा, कराई फोटोग्राफी
डीआरएम पैदल ही रेल गंगापुल के निचले हिस्से को देखने के लिए पुरानी बाजार मार्ग पर पहुंचे। उन्होंने रेल अफसरों से पुल का नक्शा मांगा और उसकी डिजाइन देखी। पुल में नीचे की ओर कई जगह जंग वाले धब्बे दिखे, जिसकी मरम्मत के लिए निर्देश दिए। उन्होंने खुद ही पुल की फोटोग्राफी भी की।
डीआरएम बोले, आईआईटी की रिपोर्ट के बारे में नहीं पता
कुछ माह पहले रेलवे की ओर से आईआईटी कानपुर की ओर से रेल गंगापुल का सर्वे कराया गया था, जिसकी रिपोर्ट आईआईटी को देनी थी। रिपोर्ट रेलवे को मिली या नहीं मिली, रिपोर्ट में क्या रहा। इस बारे में जब डीआरएम से पूछा गया तो उनका कहना था कि यह तकनीकी विभाग का मामला है। इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। फिर भी वह पता करेंगे कि सर्वे रिपोर्ट क्या रही। 40 मिनट का डाउन रेल पथ पर रहा ब्लाॅक डाउन रेल पथ पर ओएचई पोल शिफ्टिंग का कार्य कराए जाने को लेकर मंगलवार शाम चार बजे से 40 मिनट का ब्लाॅक लिया गया। इस दौरान पोल शिफ्टिंग का कार्य मेंटीनेंस विभाग ने कराया। इस दौरान कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों को कानपुर में ही रोका गया।
आधे घंटे देरी से रही शताब्दी
अप रेल लाइन से कानपुर की ओर जाने वाली शताब्दी एक्सप्रेस मंगलवार शाम करीब आधे घंटे देरी से गंगाघाट रेलवे स्टेशन से गुजरी। कर्मचारियों ने बताया कि डीआरएम के निरीक्षण की वजह से ट्रेन कुछ लेट रही। रेल काॅलोनी की नहीं दिखी गंदगी गंगाघाट रेलवे स्टेशन के निकट बनी रेलवे काॅलोनी में भीषण गंदगी व्याप्त है। यहां पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। निरीक्षण के दौरान यहां से भी डीआरएम भी गुजरे, लेकिन उन्हें गंदगी नहीं दिखी। ऐसे में स्थानीय रेल अफसरों ने राहत की सांस ली।