समान वेतन और बुनियादी सुविधाओं की मांग
बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने कहा कि डिपो में काम करने वाले श्रमिकों को समान कार्य के लिए समान वेतन मिलना चाहिए। इसके अलावा जूही डिपो की खस्ताहाल और जर्जर हो चुकी सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए तथा कर्मचारियों को कार्य संचालन के लिए आवश्यक और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएं।
लंबे समय से अनदेखी से कर्मचारियों में रोष
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समाधान नहीं किया जा रहा है। बुनियादी सुविधाओं के अभाव और उपकरणों की कमी के कारण कर्मचारियों को रोजाना अपने कार्यों के निष्पादन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
श्रमिक समाज कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक रुख नहीं अपनाया, तो संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा। इसके तहत जल्द ही शासन और प्रशासन के उच्च अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। संघ ने सरकार से अपील की है कि कर्मचारियों के हित को ध्यान में रखते हुए मांगों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।