दक्षिण क्षेत्र के बर्रा बाईपास से कर्रही पेट्रोल पंप के पास तक फैली जर्जर सड़क, गहरे गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। बदहाल सड़क से नाराज कार्यकर्ताओं ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए सड़क के पानी भरे गड्ढों में धान रोपकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय क्षेत्रीय लोगों ने नगर निगम व जिम्मेदार विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पानी भरे गड्ढों में रोपा धान
प्रदर्शन कर रहे सपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि बर्रा बाईपास से कर्रही पेट्रोल पंप जाने वाले मुख्य मार्ग की स्थिति लंबे समय से बेहद दयनीय बनी हुई है। पूरी सड़क पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे हो चुके हैं। हल्की बारिश होते ही इन गड्ढों में भारी जलभराव हो जाता है, जिससे पूरी सड़क तालाब जैसी नज़र आने लगती है। राहगीरों व वाहन चालकों का निकलना दूभर हो गया है। इसी बदहाली की ओर प्रशासनिक अधिकारियों का ध्यान खींचने के लिए कार्यकर्ताओं ने गड्ढों के बीच धान की रोपाई की।
आए दिन हो रहे हादसे, अफसर बेपरवाह
सपा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि सड़क के इस जर्जर हाल की वजह से आए दिन दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और बड़े हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि कई बार जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से गुहार लगाई गई, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। जलभराव के कारण गड्ढे दिखाई न देने से रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका और अधिक बढ़ जाती है।
उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
प्रदर्शन में शामिल स्थानीय निवासियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त कराने और जलनिकासी (ड्रेनेज) की उचित व्यवस्था करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द इस महत्वपूर्ण मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया, तो वे जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय का घेराव कर अपने आंदोलन को और उग्र करने के लिए बाध्य होंगे।