बसरेहर। गांव भदवां सावरान में शनिवार रात सिगरेट न देने पर दुकानदार और बचाने आई मां को पीट दिया। इससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने छह पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तार कर उन्हें जेल भेज दिया।
घायल के भाई विमलेश कुमार ने बताया कि शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे एक युवक उनके भाई कुलदीप की दुकान पर सिगरेट सामान लेने पहुंचा और गेट खटखटाने लगा। कुलदीप ने गेट नहीं खोला, तो युवक अभद्रता करते हुए लौट गया।
कुछ देर बाद वह साथियों के साथ आया और लोहे के एंगल लेकर गेट को पीटने लगा। भाई ने गेट खोला, तो हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से लोहे के एंगल से सिर और हाथ पर वार कर दिया। इससे कुलदीप घायल हो गया। मां धनदेवी पहुंचीं तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया।
तहरीर पर पुलिस ने अभिषेक उर्फ रावण निवासी किल्ली, सुधीर, राहुल, धर्मेंद्र, अभिषेक निवासी नगला लायक, वल्ला निवासी नगला चेनसुख समेत छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सीओ सैफई रामगोपाल शर्मा ने बताया सिगरेट न देने पर छह युवकों ने दुकानदार पर लोहे की एंगल से हमला कर घायल कर दिया था। सभी आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है।