सपा विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने फिर अपने बगावती तेवर दिखा दिए हैं। इटावा के जसवंत नगर में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में लोगों से बातचीत के दौरान शिवपाल ने कहा कि हमने और हमारे कार्यकर्ताओं ने जिस प्रत्याशी को पसंद किया उसे हमारी समाजवादी पार्टी के दलालों ने टिकट न दिलवाकर दूसरे को टिकट दिलवा दिया। जसवंत नगर पालिका से अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी सुनील जोली को जिताने की अपील शिवपाल ने लोगों से की। इसी सीट पर सपा प्रत्याशी के रूप में सत्यनारायण उर्फ मुदगल भी चुनाव लड़ रहे हैं।
इटावा में सपा प्रत्याशी को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में गुस्सा है। इटावा के जसवंत नगर में एक बैठक के दौरान शिवपाल ने कहा कि सभी लोग एक राय होकर वोट करेंगे। तभी हमारी ताकत बढ़ेगी। इससे पहले शिवपाल ने ये भी कहा कि सत्यनारायण का कोई जनाधार नहीं है वो केवल एक व्यवसायी हैं। शिवपाल के इन बयानों के पाद से पार्टी में एक बार फिर आक्रोश की ज्वाला भड़क उठी है। टिकट को लेकर समाजवादी पार्टी के बड़े नेताओं में आपसी खींचतान साफ देखी जा रही है।