उन्नाव में जिला कारागार पहुंचे शिवपाल यादव
- फोटो : अमर उजाला
भाभी के अपहरण, दहेज उत्पीड़न के मामले में जेल में बंद प्रसपा की महिला सभा जिलाध्यक्ष अल्वी मिश्रा से रविवार को पार्टी प्रमुख शिवपाल सिंह यादव ने मुलाकात की। करीब एक घंटे तक जेल में रुकने के बाद वह लौट गए। उन्होंने कहा कि अल्वी को झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने निष्पक्ष विवेचना की मांग की।
बांगरमऊ कोतवाली के जगतनगर निवासी ग्राम प्रधान प्रसपा की महिला सभा जिलाध्यक्ष अल्वी मिश्रा की भाभी मीनू 26 फरवरी 2022 को बच्चों के साथ रहस्यमय हालात में लापता हो गई थी। मीनू की सास ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बाद में कोई सुराग न लगने पर मीनू के भाई कन्नौज निवासी अभिषेक ने अल्वी मिश्र, समेत ससुराल के सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
करीब डेढ़ माह से अल्वी जेल में हैं। रविवार सुबह 10:30 बजे शिवपाल सिंह यादव अल्वी से मिलने जिला कारागार पहुंचे। उनके पहुंचने की सूचना पर प्रसपा (लोहिया ) के कार्यकर्ता जेल गेट के बाहर पहुंच गए। उन्होंने युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में बंद सपा के पूर्व राज्यमंत्री दिवंगत फतेहबहादुर सिंह के बेटे पूर्व ब्लॉक प्रमुख अशोक सिंह से भी मुलाकात की।