कोरोना वैक्सीन लगवाने के मामले में चाचा शिवपाल सिंह यादव की राय भतीजे अखिलेश से बिलकुल अलग है। सपा प्रमुख अखिलेश ने वैक्सीन को भाजपाई बताते हुए लगवाने से मना किया था। वहीं, चाचा शिवपाल ने इसे राष्ट्र की वैक्सीन बताया है।
प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को कहा कि इस वैक्सीन को देश के वैज्ञानिकों ने बनाया है। इसमें देश का पैसा लगा है। इसलिए सभी को वैक्सीन लगवानी चाहिए। क्षेत्र के ग्राम गढ़ी जालिम में पत्रकारों से उन्होंने कहा कि स्वदेशी वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों को मैं बधाई देता हूं।
सरकार को इसके लिए वैज्ञानिकों को अधिक सहयोग करना चाहिए था ताकि यह कुछ समय पहले ही बनकर तैयार हो जाती। उन्होंने कहा कि नए कृषि कानूनों को रद्द होना चाहिए। आरोप लगाया कि सरकार अधिकांश मामलों में निजीकरण की राह पर चल रही है।
कहा कि जो लोग बाहर से आए उन्हीं को कोरोना हुआ है। आज तक किसी किसान या मजदूर को कोरोना नहीं हुआ है। बोले कि हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि समान विचारधारा के लोग प्रदेश में एक साथ आएं। भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करें।
वह चुनाव लड़ें इसी क्रम में क्षेत्रीय दलों से हम लगातार संपर्क में हैं। शिवपाल सिंह ने कहा कि प्रसपा की नीति है कि हर परिवार से एक बेटे व एक बेटी को नौकरी मिले। इस मौके पर जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष महावीर सिंह यादव, मंगेश यादव, रमेश बाबू एडवोकेट, आनंद यादव, देवेंद्र यादव, अनार सिंह, अजय यादव उपस्थित रहे।