शिक्षा के लिए पिता के खिलाफ आवाज उठाने वाली कक्षा आठ की छात्रा शिवानी की मदद के लिए भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन की टीम शुक्रवार को उसके घर पहुंची।
अध्यक्ष अनिल शर्मा और सचिव संजीव मिश्रा ने शिवानी को कापी, पेन, ड्रेस आदि शिक्षण सामग्री देकर हर संभव मदद का भरोसा दिया। उधर गल्ला मंडी चौकी पुलिस ने शिवानी के पिता को अच्छा इंसान बनने की नसीहत दी।
अनिल के मुताबिक शिवानी की पसंद वाले स्कूल में उसकी पढ़ाई कराई जाएगी। इस मौके पर श्यामजी शुक्ला, अजीत शर्मा, मो. आसिफ आदि भी मौजूद रहे। उधर, अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से भी शिवानी की मदद की जाएगी। बताते चलें कि दो दिन पहले शिवानी ने नौबस्ता थाने में अपने शराबी पिता दीपक की शिकायत की थी।
शिवानी के मुताबिक पापा उसे पढ़ने नहीं जाने देते, फीस भी जमा नहीं करते हैं। शिक्षा के प्रति शिवानी की लगन और राह में बाधा के संबंध में अमर उजाला माई सिटी में खबर प्रकाशित की गई थी। इसके बाद पुलिस के अलावा समाजसेवी शिवानी की मदद को आगे आ रहे हैं।
सुधर जाओ, वर्ना जेल में सड़ोगे
गल्ला मंडी चौकी पुलिस ने शुक्रवार को दूसरी बार शिवानी और उसके पिता दीपक को बुलाया। पुलिस ने दीपक से दो टूक शब्दों में कहा कि सुधर जाओ, बेटी को परेशान करना बंद करो। साथ ही अच्छे पिता बनने की नसीहत भी दी।
पिता से परेशान अंजुल ने भी लगाई गुहार
कानपुर साउथ। खाड़ेपुर की शिवानी की तरह ही शराबी पिता से परेशान यशोदानगर निवासी कक्षा आठ की छात्रा अंजुल वर्मा ने भी नौबस्ता थाने में मदद की गुहार लगाई है।
कक्षा आठ की छात्रा अंजुल ने पुलिस को बताया कि शराबी पिता सारे रुपये शराब में उड़ा देते हैं, जिससे उसकी भी पढ़ाई नहीं हो पा रही है। मजबूरन उसे भी घरों के कामकाज को मजबूर होना पड़ेगा।
अंजुल की मां के मुताबिक वह बच्चों की पढ़ाई के लिए घरों में काम करती हैं। थानाध्यक्ष राजदेव का कहना है कि फिलहाल महिला और बच्ची की कोई तहरीर नहीं मिली है। सिपाही भेजकर हिदायत दी जाएगी।
अंकल! प्लीज घर न बिक पाए
शिवानी का कहना है कि उसकी पढ़ाई अच्छी हो जाए और पापा बार-बार घर बेंचने की धमकी देना बंद कर दें। शिवानी की मदद के लिए घर आने वालों से बस वह एक बात कहती है कि अंकल प्लीज उसका घर न बिक पाए, वर्ना वह लोग रहेंगे कहां।