कानपुर नगर-फतेहपुर एमएलसी चुनाव मेें स्थानीय और बाहरी प्रत्याशी का मुद्दा भी छाएगा। एक तरफ जहां सपा, बसपा और कांग्रेस ने कानपुर नगर के प्रत्याशी को मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा ने फतेहपुर के प्रत्याशी पर दांव खेला है।
सभी जीत का दावा कर रहे हैं। साथ ही कह रहे कि वोटर स्थानीय प्रत्याशी को प्राथमिकता देंगे। यही जीत-हार भी तय करेगा। एमएलसी चुनाव की नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इससे पहले ही एक दूसरे को पटखनी देने का दांव शुरू हो गया। भाजपा का मानना है कि सबसे ज्यादा वोटर फतेहपुर से हैं, जो स्थानीय प्रत्याशी को चुनाव में प्राथमिकता दे सकते हैं।
कानपुर नगर और कानपुर देहात में भी पार्टी का जनाधार है। इसी सिलसिले में प्रत्याशी कानपुर आए और पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। ठीक यही मानना सपा का है।
पार्टी का कहना है कि कानपुर नगर और कानपुर देहात में सपा मजबूती से चुनाव लड़ रही है। फतेहपुर में चुनाव जीतने की गोटें बिछाई गई हैं। बसपा प्रत्याशी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने की कोशिश की है। इसी का नतीजा रहा कि जोनल कोआर्डिनेटर अशोक सिद्धार्थ शुक्रवार को लाव-लश्कर के साथ बसपा प्रत्याशी का नामांकन कराने पहुंचे।
कांग्रेस ने भी प्रत्याशी उतारकर एमएलसी चुनाव को चतुष्कोणीय बनाने का दावा किया है। कांग्रेस का कहना है कि पार्टी का जनाधार सभी जगह अच्छा है। प्रत्याशी को स्थानीय होने का फायदा जरूर मिलता है लेकिन कांग्रेस सभी जगह अच्छा प्रदर्शन करेगी।
ये हैं प्रमुख प्रत्याशी
दिलीप सिंह (कल्लू यादव), सपा
अनिलगुप्ता चार्ली, भाजपा
अशोक कटियार, बसपा
विष्णुकांत शुक्ला, कांग्रेस
नामांकन, वोटिंग
नामांकन की आखिरी तारीख 15 फरवरी और स्क्रूटनी की 16 फरवरी तय है। 18 फरवरी तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 3 मार्च को वोट डाले जा सकेंगे।
ये डालेंगे वोट
ग्राम प्रधान, पुराने बीडीसी, जिला पंचायत सदस्य, नगर निगम के सदस्य, कैंट बोर्ड के सदस्य, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत के सदस्य।
दो ने कराया नामांकन
फतेहपुर। कानपुर-फतेहपुर स्थानीय प्राधिकारी विधान परिषद सदस्य पद के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन दो नामांकन पत्र दाखिल हुए। बसपा प्रत्याशी एवं वर्तमान एमएलसी अशोक कटियार ने बसपाइयों के हुजूम के साथ पहुंचकर पर्चा भरा। दूसरा नामांकन सपा से निलंबित चल रहे पूर्व जिलाध्यक्ष रामशरण सिंह यादव ने किया।
बता दें कि एमएलसी चुनाव के लिए 15 फरवरी तक नामांकन होना है। बसपाइयों के हुजूम के साथ पार्टी प्रत्याशी एवं निवर्तमान एमएलसी अशोक कटियार कलक्ट्रेट पहुंचे।
उन्होंने एडीएम आलोक सिंह के समक्ष एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। बसपा प्रत्याशी के प्रस्तावक आनंद कुमार, रामबाबू, इशाद, राजेंद्र प्रसाद, राम मंगल, योगेंद्र सिंह, महावीर, संजय पटेल, अरविंद व बाबूराम बने।
सपा से निलंबित रामशरण ने किया नामांकन ः बसपा प्रत्याशी से पहले सपा से छह साल के लिए निलंबित किए गए पूर्व जिलाध्यक्ष रामशरण यादव ने पर्चा दाखिल किया। उन्होंने एक सेट में पर्चा भरा। जिनकी उम्मीदवारी का प्रस्ताव जिला पंचायत सदस्य मेडिय़ा देवी, कुसुमा देवी, अवधेश, शिवदास, अंजू देवी, तसव्वुर, धर्मेश सिंह, टिरुवा, राजेश कुमार व राकेश कुमार ने किया।
अकूत संपत्ति के मालिक हैं प्रत्याशी अशोक
फतेहपुर। बसपा प्रत्याशी एवं निवर्तमान एमएलसी अशोक कटियार अकूत संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 5,40,360 रुपये, पत्नी विनोदनी के पास 3,10,520 रुपये व पुत्र वरुण के पास 3,07,590 रुपये नगद हैं।
उन्होंने एक प्राइवेट कंपनी में 20 लाख 1 हजार 895 रुपये का निवेश कर रखा है। वर्ष 2014 में भरे गए आयकर में निवर्तमान एमएलसी ने 24,99,584 रुपये, पत्नी 36,08,670 रुपये और पुत्र के नाम 82,75,887 रुपये पर रिटर्न दाखिल किया गया है। एमएलसी के नाम एक रिवाल्वर, एक राइफल व एक डबल बैरेल है।
पत्नी के नाम भी एक रिवाल्वर, एक राइफल व एक सिंगल बैरेल है। बेटे के नाम एक रिवाल्वर व एक राइफल है। 5 करोड़ 25 लाख व एक करोड़ 70 लाख का रिहाइशी ठिकाना कानपुर में बनाने वाले निवर्तमान एमएलसी का 13 करोड़ रुपये का एक बंगला पत्नी के नाम नोएडा में है।
कृषि के क्षेत्र में कई स्थानों पर करोड़ों रुपये की जमीन रखने वाले अशोक कटियार के नाम 923.54 ग्राम सोना व तीन किलो चांदी के साथ 60.170 ग्राम डायमंड का आभूषण भी है। पत्नी के पास 4 लाख 98 हजार 930 रुपये का सोना व डेढ़ लाख रुपये कीमत के चांदी के आभूषण हैं।
बेटे के पास 4 लाख 25 हजार 800 रुपये की कीमत का सोना है। यह दीगर है कि अकूत संपत्ति के मालिक के पास एक भी वाहन नहीं है। बेटा जरूर 5 लाख 56 हजार रुपये कीमत के वाहन में सवारी करता है।
रामशरण के पास एक बोलेरो
फतेहपुर। सपा प्रत्याशी दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव के सामने दावा करने उतरे सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पार्टी से निलंबित राम शरण यादव के पास अचल संपत्ति नहीं है। निर्दलीय प्रत्याशी के पास पांच लाख रुपये नकद और पत्नी के पास 10 हजार रुपये की नकदी है। साढ़े तीन लाख रुपये बैंक में हंै।
जेवरातों की बात करें तो घर में 100 ग्राम सोना व एक किलो चांदी है। एक लाख 20 हजार रुपये का एक बीमा है। उनके पास एक बोलेरो है। आपराधिक इतिहास में एक मामला सदर कोतवाली में मारपीट का दर्ज है, जो सीजीएम कोर्ट में विचाराधीन है।
...और बसपा ने भी तोड़ी आचार संहिता
फतेहपुर। बसपा प्रत्याशी एवं वर्तमान एमएलसी अशोक कटियार दोपहर एक बजे लग्जरी वाहनों के काफिले के साथ कानपुर से चले। जनपद की सीमा छिवली नदी से बड़ी संख्या में स्थानीय बसपाई भी साथ हो गए।
वह दोपहर सवा एक बजे अपने साथ दो दर्जन से ज्यादा वाहनों का हुजूम लेकर कलक्ट्रेट में दाखिल हुए। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद बाहर निकलते ही कैंपस में बसपा जिंदाबाद के नारे लगने लगे।