सीबीआई की टीम ने कराया बच्चों का मेडिकल
- फोटो : amar ujala
दिल्ली एम्स के डॉक्टरों की टीम ने जिन 30 बच्चों का चित्रकूट में मेडिकल किया है, उसमें से कुछ बच्चों में गंभीर रोग की भी जांच हुई है। इस पर यह अटकलें भी लगाई जा रही हैं कि कहीं जेई भी इस रोग से तो नहीं पीड़ित है। सूत्रों के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को मुख्यालय के शहरी स्वास्थ्य केंद्र में सीबीआई की मौजूदगी में एम्स के डॉक्टरों ने जेई रामभवन के शिकार बच्चों का मेडिकल किया था।
सभी बच्चों के ब्लड की जांच की गई है। ब्लड से ही कई अन्य जांचें भी की जा रही हैं। सूत्रों के अनुसार कुछ लोगों में गंभीर रोग के अंश मिलने पर सभी की यह जांच कराई जा रही है। करीब 50 बच्चों के यौन शोषण के आरोपी निलंबित जेई के शिकार कुछ और बच्चों की तलाश सीबीआई की टीम कर रही है।
दो दिनों तक एम्स के डॉक्टरों से 30 बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद सीबीआई टीम के चार सदस्य शनिवार को एसडीएम कालोनी पहुंचे। इसके अलावा रसिन व सिंचाई विभाग के आस पास की बस्ती में भी जाकर कई अभिभावकों से मिले।
सूत्रों की मानें तो इस क्षेत्र में जेई के शिकार वाले छह और बच्चों के होने की जानकारी सीबीआई के पास है। इसके लिए लगातार पूछताछ जारी है। गौरतलब है कि चित्रकूट बांदा जिले के 30 चिह्नित बच्चों का सीबीआई ने दिल्ली एम्स के पांच डॉक्टरों से मेडिकल परीक्षण कराया है।