अजीतमल क्षेत्र के ग्राम भादसान में शनिवार शाम खेलते समय तालाब में डूबने से सात वर्षीय मासूम रिशू की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां नीलम देवी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में हर आंख नम दिखाई दी। जानकारी के अनुसार ग्राम भादसान निवासी रिशू पुत्र शिव सिंह (7) गांव के अन्य बच्चों के साथ तालाब के किनारे खेल रहा था। खेलते-खेलते अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
साथ मौजूद बच्चों ने उसे डूबते देखा तो घबरा गए और शोर मचाते हुए गांव की ओर दौड़कर परिजनों व ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद मासूम को तालाब से बाहर निकाला गया। गंभीर अवस्था में परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मृत घोषित करने के बाद परिजन शव को लेकर घर लौट आए।