कानपुर देहात के मजरा सजदापुर में कोरोना जैसे लक्षण मिलने पर एक ही परिवार के सात लोग क्वारंटीन किए गए हैं। इस परिवार का एक युवक औरैया की मस्जिद में रहता था। वह चार दिन पहले घर लौटा था। इलाके में चर्चा है कि यह युवक जमात में शामिल होने दिल्ली गया था।
नंदना गांव के प्रधान आनंद बाबू ने बताया कि मजरा सरदारपुर में चार दिन पहले एक युवक औरैया से आया था। वह औरैया की एक मस्जिद में रहता था। चर्चा है कि औरैया के कई लोगों के साथ जमात में शामिल होने दिल्ली गया था। वहां से लौटने पर औरैया की एक मस्जिद में रुका।
बुखार आने पर सरदारपुर गांव में अपने भाई के यहां आ गया। इसकी जानकारी पर शुक्रवार को प्रशासन ने एक महिला, चार बच्चों समेत उसके परिवार के सात सदस्यों की जांच कराई तो कोरोना जैसे लक्षण मिलने पर जिला अस्पताल भेजा गया। इसके बाद सभी को बारा के पास प्रभात इंजीनियरिंग कालेज में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में रखा गया है।
उन्नाव शुक्लागंज के गोपीनाथपुरम मोहल्ला निवासी एक परिवार के 13 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटीन किया है। घर के बाहर नोटिस चस्पा कर दिया है। पीएचसी प्रभारी डॉ आशुतोष वार्ष्णेय ने बताया कि गोपीनाथपुरम मोहल्ला निवासी एक बुजुर्ग की मौत के बाद उनके बेटे पुणे से शुक्रवार सुबह परिवार के पांच लोगों के साथ कार से शुक्लागंज पहुंचे। यहां पहले से रह रहे आठ लोगों के संपर्क में आए। इसके बाद सभी 13 लोगों को 14 दिन के होम क्वारंटीन पर रहने को कहा गया।