कानपुर निदेशालय से आई आयकर विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख सराफा व्यवसायी के परिवार के छह सराफा प्रतिष्ठानों में लगातार 33 घंटे छानबीन और जांच-पड़ताल की। छापा कार्रवाई में जुटी दो टीमों ने पकड़ा कि लगभग सात करोड़ रुपये का कारोबार बिना टैक्स के किया गया।
आयकर अधिकारियों ने सारा ब्योरा और चिट्ठा तैयार कर लिया है। अब इन सराफा व्यवसायियों को नोटिस जारी करके कानपुर निदेशालय तलब किया गया है। विभिन्न श्रेणी के जेवरात में अलग-अलग टैक्स निर्धारित किया जाएगा। यह 30 फीसदी से 100 फीसदी तक हो सकता है।
शनिवार की रात स्टेशन रोड स्थित एक होटल में ठहरे मथुरा के तीन सराफा व्यवसायियों को स्थानीय पुलिस ने हिरासत में लिया था। उसके पास काफी मात्रा में सोने के जेवर बरामद हुए थे। इनका वजन करीब 11 किलोग्राम बताया गया। पुलिस ने इसकी सूचना आयकर विभाग को दी थी।
इस पर कानपुर आयकर निदेशालय से आई दो टीमों ने सोमवार को सुबह करीब 11 बजे शहर के मुख्य बाजार में स्थित जिले के मुख्य सराफा व्यवसायी गोंदीलाल एंड संस की बाजार में ही इर्दगिर्द स्थित आधा दर्जन फर्मों में एक साथ छापे मारे।