बांदा जिले में शहर के स्टेशन रोड स्थित एक होटल से शनिवार की रात पुलिस द्वारा पकड़े गए मथुरा के सराफ सचिन कुमार के पास लगभग 11 किलो सोने के जेवर बरामद होने के बाद हरकत में आए आयकर विभाग की कानपुर से आई टीम ने सोमवार को शहर के छह प्रमुख सराफा व्यापारियों के यहां छापे मारे।
दोपहर को शुरू हुई छापामार कार्रवाई देर रात तक जारी थी। बड़ी संख्या में पुलिस मौजूद रही। टीम ने दुकानों के अभिलेख अपने कब्जे में लिए हैं। होटल में ठहरे मथुरा निवासी सराफ को शनिवार की देर रात शहर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने होटल पहुंचकर हिरासत में ले लिया।
उसके पास काफी मात्रा में सोने के जेवर आदि बरामद हुए। पुलिस उसे कोतवाली ले आई। रविवार को पूरा दिन पूछताछ की। मीडिया को कुछ भी जानकारी देने से परहेज किया। बाद में पुलिस द्वारा स्थानीय आयकर विभाग को सूचना दी गई। सोमवार को सुबह कानपुर से आयकर विभाग की दो टीमें यहां आ गईं।
आयकर अधिकारियों ने सचिन सराफ से पूछताछ की। इस दौरान उसने बताया कि वह आगरा, दिल्ली और मथुरा से जेवर लाकर बांदा के कई सराफा व्यापारियों को बेचता है। यह धंधा काफी दिनों से चल रहा है।