रूरा। दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर अंबियापुर रेलवे स्टेशन के पास बुधवार सुबह बड़ा हादसा होते बचा। ट्रैक पर मौजूद छुट्टा गोवंश का झुंड कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। इससे सात गोवंशों की मौत हो गई। घटना स्थल पर करीब आधे घंटे तक मालगाड़ी रुकी रही। हालांकि अप ट्रैक पर ट्रेनों का संचालन चालू रहा।
दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर बुधवार सुबह कानपुर की ओर खाली मालगाड़ी जा रही थी। सुबह करीब 6.58 बजे जैसे ही मालगाड़ी अंबियापुर स्टेशन के पास पहुंची, छुट्टा गोवंशों का झुंड ट्रैक पर आ गया। मालगाड़ी के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए लेकिन तब तक गोवंश इंजन से टकरा गए।
अंबियापुर रेलवे कर्मचारियों के अनुसार मालगाड़ी की चपेट में आकर सात गोवंश कट गए। इसके बाद झटके के साथ ट्रेन रुक गई। जानकारी पर रेल कर्मियों का स्टाफ मौके पर पहुंचा और कटे गोवंशों के अवशेष हटाए।
इस दौरान डाउन ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन रुका रहा। इसके बाद करीब 7.35 बजे मालगाड़ी कानपुर के लिए रवाना की गई। स्टेशन मास्टर एसके चौहान ने बताया कि गोवंशों के अचानक ट्रैक पर आने से घटना हुई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा नहीं हुआ।