कानपुर। कानपुर मंडल से जुड़े छह जिलों के 49900 प्रवासी श्रमिकों को रोजगार दिलाने के लिए 15 जून से अभियान चलाया जाएगा। शनिवार को मंडलायुक्त डॉ. सुधीर एम. बोबडे ने शिविर कार्यालय में इस संबंध में समीक्षा बैठक की। मंडल के सभी सीडीओ को अभियान चलाकर अधूरे कामों को मनरेगा से जोड़ते हुए रोजगार देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग, पशुपालन, कृषि/भूमि संरक्षण, मत्स्य, सिंचाई, पंचायतीराज विभाग, भूमि विकास, रेलवे, उद्यान, वन, लघु सिंचाई सहित 16 विभागों को इन चयनित श्रमिकों (कुशल/अकुशल) को रोजगार देना है। उद्योग विभाग और औद्योगिक इकाइयों की मदद से भी इन्हें काम दिलाया जाए। संयुक्त विकास आयुक्त अभिराम त्रिवेदी ने बताया कि मंडल में 4128 काम 69.06 करोड़ रुपये से कराए जाने हैं। 15 जून से अगले 6 माह में प्रत्येक श्रमिक को न्यूनतम 50 दिन का काम दिया जाएगा। बैठक में कानपुर नगर के सीडीओ सुनील कुमार सिंह, आईएएस पूजा यादव, डीएफओ अरविंद कुमार, पीडब्ल्यूडी के जय सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।