एक सिक्योरिटी गार्ड ने घर से सौ मीटर दूर खेत में लाइसेंसी बंदूक से सीने में गोली मार ली। परिजन लहूलुहान हालत में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बंदूक कब्जे में ले ली है। परिजन आत्महत्या का कारण नहीं बता सके हैं। बहन ने उसके नशे में होने की बात कही है। घटना यूपी के उन्नाव जिले की है।
बीघापुर थानाक्षेत्र की ग्राम पंचायत सुमरहा के मजरा कानपुर निवासी धर्मेंद्र (35) पुत्र स्व. रामप्रताप एक निजी फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड था। बहन बेबी ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे धर्मेंद्र घर से खेत की ओर जाने लगा। पूछने पर शहर जाने की बात कही। कुछ देर बाद उसने गोली चलने की आवाज सुनी। इससे वह भागकर मौके पर पहुंची। जहां खेत में धर्मेंद्र को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा।
परिजन गंभीर हालत में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कार्यवाहक थानाध्यक्ष अवधेश प्रजापति, उपनिरीक्षक उबैस अली, सुधीर बाबू, सिपाही महेश मिश्रा, प्रवीन यादव फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। खेत से खून का नमूना लेने के बाद बंदूक कब्जे में ले ली। धर्मेंद्र ने किस वजह से खुद को गोली मारी इसकी वजह परिजन नहीं बता सके।
बेबी ने बताया कि वह चाचा ओमप्रकाश के बेटे गुड्डू के तिलकोत्सव से आ रही थी। रास्ते में धर्मेंद्र मिला था। बहन के मुताबिक, जिस समय धर्मेंद्र मिला था उस समय वह नशे में था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कार्यवाहक एसओ अवधेश प्रजापति ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड के आत्महत्या करने के कारणों की जानकारी की जा रही है।