बांदा के पौथिया में स्कूली बच्चों को लेकर विद्यालय जा रही वैन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसमें बैठे सभी बच्चों को सुरक्षित निकालकर उनके घर पहुंचाया गया। यूपी 100 पुलिस ने वैन को सदर कोतवाली में लाकर खड़ा कराया है।
सहजना गांव के छात्र ललपुरा के पौथिया गांव स्थित सांई पब्लिक स्कूल में प्रतिदिन वैन में बैठकर पढ़ने जाते हैं। गुरुवार को करीब 10 बच्चे वैन में बैठकर विद्यालय आ रहे थे। तभी गाड़ी के अंदर बैठे बच्चे आपस में झगड़ा करने लगे।
शोर सुनकर वैन चला रहे स्कूल के प्रबंधक ने पीछे मुड़कर देखने लगा। इससे तेज रफ्तार वैन अनियंत्रित होकर सहजना मार्ग पर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इसी बीच किसी ने यूपी 100 को इसकी सूचना दे दी।
जिस पर मौके पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने चालक व वैन को सदर कोतवाली ले आई। प्रबंधक उमेश सचान ने बताया कि बच्चों के आपस में झगड़ने से वह पीछे मुड़कर उन्हें शांत रहने को कहने लगा, तभी वैन पेड़ से टकरा गई। ब्यूरो