जम्मू कश्मीर के बड़गाम में हेलीकाप्टर क्रैश में मारे गए शहीद दीपक पांडेय के घर शनिवार को कुछ स्कूली बच्चे पहुंचे। स्कूली बच्चाें को देखकर दीपक के पिता राम प्रकाश पांडेय की आंखों से आंसू छलक उठे।
मंडलायुक्त सुभाष चंद शर्मा ने बड़गाम में शहीद दीपक पांडेय के पिता राम प्रकाश पांडेय को एक लाख 41 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी। यह राशि बीएनएसडी शिक्षा निकेतन इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं ने इकट्ठा की थी। मंडलायुक्त शहीद के निवास स्थान मंगला विहार पहुंचे।
उन्होंने पिता को आर्थिक मदद देते हुए किसी भी समस्या पर समाधान का आश्वासन दिया। उनके साथ कालेज के निदेशक डॉ. अंगद सिंह, प्रधानाचार्य ममता तिवारी, आरके सिंह, शैलेंद्र त्रिपाठी, रश्मि त्रिपाठी, दीपक मिश्र, छात्र दिव्यांशु कटियार, सौरभ, शुभम राज, दीपक, कपिल, अविरल तिवारी, यतींद्र कृष्ण, अनुराग यादव, हरिओम द्विवेदी, अनुभव तिवारी थे।
निदेशक ने बताया कि छात्रों ने शहीद दीपक पांडेय, श्याम बाबू, प्रदीप यादव के परिजनों के लिए चार लाख 23 हजार रुपये इकट्ठा किए हैं। हर शहीद के परिजनों को एक लाख 41 हजार रुपये दिए जाएंगे। 11वीं की परीक्षा दे चुके छात्र अविरल पांडेय ने इसकी पहल की थी।