चालक से विवाद के बाद बस में घुसे आरोपी
आरोप है कि दोनों युवकों ने बस रुकवाने के बाद चालक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। चालक ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। इसके बाद दोनों युवक बस के अंदर घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने बस के शीशे तोड़ दिए। अचानक बस में घुसे युवकों और तोड़फोड़ की घटना से बच्चे सहम गए। बस के अंदर चीख-पुकार मच गई। बच्चों में डर का माहौल बन गया। हालांकि, घटना के दौरान किसी बच्चे को चोट नहीं आई।
घटना के बाद भाग निकले आरोपी
बस में तोड़फोड़ करने के बाद दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अनीश शुक्ला ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की।कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।