कानपुर। जिले में छात्रवृत्ति आवेदन आगे बढ़ाने में कॉलेजों की गंभीर लापरवाही सामने आई है। जिले में अब तक 8515 छात्रों का छात्रवृत्ति संबंधी डेटा फॉरवर्ड नहीं किया गया है। इनमें छह ऐसे कॉलेज हैं जिन्होंने एक भी छात्र का डेटा आगे नहीं बढ़ाया है। इससे हजारों छात्रों की छात्रवृत्ति पर ग्रहण लगने की आशंका है, खासकर सामान्य वर्ग के छात्रों के लिए, जिनके आवेदन फॉरवर्ड करने की अंतिम तिथि 27 जनवरी है। हालांकि एससी वर्ग के छात्रों के लिए मार्च तक मौका है।
जिले में करीब 300 से अधिक कॉलेज हैं। इनसे जनरल और एससी वर्ग के करीब 106138 छात्रों के छात्रवृत्ति आवेदन कॉलेजों ने प्राप्त किए हैं। इसमें 98381 का सत्यापन भी पूरा किया जा चुका है। वहीं, 6077 आवेदन निरस्त कर दिए गए। छात्रवृत्ति पोर्टल पर समय पर आवेदन के बावजूद कई कॉलेजों ने अभी तक डेटा आगे नहीं बढ़ाया है।
जिले में विद्या भवन कॉलेज ऑफ फार्मेसी, गुरु नानक गर्ल्स डिग्री कॉलेज, हरे कृष्णा कॉलेज ऑफ ह्यूमैनिटीज, साईं बाबा प्राइवेट आईटीआई, सरदार पटेल महाविद्यालय, आस्था इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज ने एक भी छात्र का डाटा फारवर्ड नहीं किया है। यदि निर्धारित समय पर यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो छात्र छात्रवृत्ति से वंचित हो सकते हैं।
जिले के जनरल छात्रों के आवेदन आगे बढ़ाने में कई कॉलेज लापरवाही बरत रहे हैं। छह कॉलेजों ने एक भी आवेदन नहीं बढ़ाया है। सभी को नोटिस भेजने के साथ सचेत भी किया जा चुका है। - शिवम सागर, समाज कल्याण अधिकारी