हमीरपुर जिले के मौदहा कस्बे के पांडव गेस्ट हाउस में प्रबुद्ध वर्ग विचार संगोष्ठी में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा भाजपा सरकार न सिर्फ ब्राह्मण विरोधी है, बल्कि आतंक और दहशत का पर्याय है। इस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए उन्होंने अयोध्या से शुरुआत की है।
यहां 62वीं संगोष्ठी है। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव ने संगोष्ठी में सपा की भी बखिया उधेड़ी और कांग्रेस को भी नहीं बख्शा। उन्होंने अयोध्या में भगवान राम मंदिर के नाम पर करोड़ों रुपये वसूल किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अभी तक मंदिर की नींव भी नहीं पड़ी है।
भाजपा का इरादा साफ नहीं है। मायावती वह नेता हैं जिन्होंने ब्राह्मणों को ही नहीं बल्कि सभी को सम्मान दिया है और अब समय आ गया है जब ब्राह्मण समाज दलित समाज व पिछड़ा वर्ग और उनके साथ जुड़े अल्पसंख्यक समाज मिलकर मौजूदा सत्ता को हटाकर मायावती की सरकार बनाएं।
उन्होंने महोबा के व्यापारी इंद्रकांत त्रिपाठी की भी चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री की नीति को रोको और ठोको बताते हुए कहा कि 50 से ज्यादा बेगुनाह ब्राह्मण अभी भी जेलों में सड़ रहे हैं। प्रदेश में सब कुछ मुमकिन है। उन्होंने सपा को भी आड़े हाथों लेते हुए आतंकी व दहशतगर्दी की सरकार बताया और कहा भाजपा व सपा दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।