कानपुर। अर्मापुर में रविवार को राज्य स्तरीय दंगल का आयोजन किया गया। यहां कई शहरों के पहलवान मुकाबले में शामिल हुए। लखनऊ के सर्वेश ने हरियाणा के श्याम पहलवान को हराकर 11 हजार का इनाम जीता, जबकि चौबेपुर के जान मोहम्मद ने राजस्थान के बबलू पहलवान को पटखनी दी। झींझक के ओमवीर ने हरिद्वार के भगत पहलवान को और लखनऊ के शनि पहलवान ने बिल्हौर के दिलबाग को चित किया।
विश्वनाथ पहलवान समाज सेवा समिति की ओर से आयोजित दंगल में पहलवानों ने अपने दांव-पेंच, कौशल और ताकत का प्रदर्शन किया। इसमें महिला पहलवानों ने भी मुकाबलों में हिस्सा लिया। पांच हजार की कुश्ती में हिसार की पूनम ने दिल्ली की ज्योति को हराया। इटावा की खुशी ने लखनऊ की किरण को धूल चटाई। कानपुर की खुशी यादव ने अपने ही शहर की किरण को धूल चटाई। मुख्य अतिथि विधायक अमिताभ बाजपेई, पूर्व विधायक सतीश निगम, कोपोस्टेट के चेयरमैन विजय कपूर, सम्राट यादव, दंगल संयोजक उमाशंकर यादव, विनोद तिवारी, रविंद्र यादव आदि मौजूद रहे।