विजय बहादुर वर्मा की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र में दिल की बीमारी से तंग आकर सराफ ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मार कर खुदकुशी कर ली। बंदूक चलने की आवाज सुन कर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
फॉरेंसिक ने लाइसेंसी बंदूक समेत घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। इलाके के विराटनगर में मृतक विजय बहादुर वर्मा (65) की घर पर ही बेटे दुर्गेश के नाम से ज्वैलरी शॉप है। घर पर पत्नी कलावती, बेटा, बहू श्वेता व दो पौत्र हैं। दामाद प्रदीप ने बताया कि मंगलवार को विजय बहादुर रोज की तरह दुकान पर बैठे थे।
दोपहर को खाना खाकर बिना किसी को बताए अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर वापस दुकान पर चले गए। दुकान पर ही बंदूक सिर से सटा कर खुद को गोली मार ली। आवाज सुन कर परिजन भाग कर बाहर दुकान पर पहुंचे तो विजय बहादुर का खून से लथपथ शव जमीन पर पड़ा देख चीख पुकार मच गई।
मौके पर थाना प्रभारी कुंज बिहारी फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे और जांच पड़ताल कर मौके से बंदूक कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस के अनुसार विजय बहादुर को लंबे समय से दिल की बीमारी थी। इसे लेकर वह अक्सर तनाव में रहते थे। इसी के चलते उन्होंने खुदकुशी कर ली।