कानपुर में हर साल करीब साढ़े तीन करोड़ का टैक्स देने के बाद भी पनकी साइट नंबर-3 के फैक्टरी मालिकों को सुविधाएं नहीं मिल रही है। क्षतिग्रस्त सड़कों व नालियों की सफाई न होने से उद्यमी परेशान हैं। सफाईकर्मी हफ्तों तक नहीं आते, जिससे जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा रहता है। फैक्टरी मालिकों ने बताया कि काफी कोशिशों के बाद पिछले दिनों कुछ सड़कें बनवाई गईं, लेकिन कई अभी भी क्षतिग्रस्त हैं।
ऊबड़-खाबड़ सड़कों पर पैदल चलना मुश्किल है। फैक्टरियों के बाहर गंदगी जमा रहती है। नालियां बजबजाती रहती हैं और गंदे पानी की निकासी नहीं हो पाती। शिकायतों के बाद भी नगर निगमकर्मी नहीं सुनते। बारिश के समय तो अधिकतर गलियों में जलभराव हो जाता है। साइट नंबर तीन औद्योगिक क्षेत्र सवा एकड़ में फैला है। यहां कुल 400 फैक्टरियां है, इनमें से 25 प्रतिशत बंद पड़ी हैं।