मछारिया गांव में शराब के नशे में बेटे ने पिता की पिटाई की। पिता ने पुलिस बुला ली। पुलिस को देखते ही बेटे ने फंदा लगा जान दे दी। इकलौते बेटे की मौत के बाद मां पिता को जिम्मेदार ठहरा रही है। सदर कोतवाली क्षेत्र के मछारिया गांव निवासी अमृत लाल जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को शाम को बेटा संदीप कुमार (30) शराब के नशे में घर आया तो उसने डांटना शुरू कर दिया। नाराज बेटे ने उसे पीटते हुए जमीन पर गिरा दिया।
उसने रात करीब 11 बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ देर में पीआरवी पहुंची और पिता से पूछताछ कर रही थी। पुलिस को देखते ही बेटे ने बरामदे में जाकर फंदा लगा लिया। जबतक किसी को पता चलता तब तक बेटे की मौत हो चुकी थी। पिता ने बताया कि बेटा अक्सर शराब के नशे में विवाद करता था। कई बार पुलिस से शिकायत भी कर चुका था।