पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली जाने वाली संपूर्णक्रांति एक्सप्रेस के इंजन में खराबी आने से यह ट्रेन 348 किमी तक रेंगते हुए चली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (मुगलसराय) से यह ट्रेन रात 10:22 बजे अपने निर्धारित समय से छूटी थी।
इंजन में खराबी होने से बेहद धीमी गति से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक लाई गई। इसी कारण रात ढाई बजे आने वाली ट्रेन पांच घंटे की देरी से सुबह साढ़े सात बजे शनिवार को कानपुर सेंट्रल स्टेशन आई। इस ट्रेन के इंजन में खराबी मुगलसराय में ही आ गई थी। इससे ट्रेन स्पीड नहीं पकड़ रही थी।
इस वजह से 35 से 40 किमी प्रति घंटे की स्पीड से इस ट्र्रेन को कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक लाया गया। चार घंटे में यह दूरी तय करने के बजाय ट्रेन नौ घंटे बाद सुबह 7:31 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर आई। कानपुर में इस ट्रेन का इंजन बदला गया। ट्रेन स्टेशन पर दो घंटे से अधिक समय तक खड़ी रही। सुबह 9:42 बजे यह ट्रेन नई दिल्ली के लिए रवाना हुई।