उन्नाव में यूपीसीडा (यूपी स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलेपमेंट अथॉरिटी) के ट्रांस गंगा सिटी प्रोजेक्ट के भूमि अधिग्रहण और मुआवजे की मांग का मामला अभी भी शांत नहीं हुआ है। सोमवार को नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन ने ट्रांस गंगा सिटी स्थल से सटे शंकरपुर गांव में ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर किसनों ने सात सूत्री मांगपत्र सपा प्रदेश अध्यक्ष को सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस ने उनके साथ बर्बरता से लाठियां बरसाईं हैं। बेवजह लोग घर छोड़ने को मजबूर हैं। हमारी मांगों पर प्रशासन ने कोई सहमत नहीं जताई है। मांगपत्र में किसानों पर लगाए गए मुकदमें वापस लिए जाने, किसानों को नया कानून सन 2011-12 के अंतर्गत कानून में शामिल किए जाने आदि मांगे प्रमुख रहीं।
इस मौके पर सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम, एमएलसी सुनील साजन, पूर्व राज्यमंत्री सुधीर रावत, पूर्व विधायक उदय राज यादव, पूर्व जिला महासचिव राजेश यादव, सपा नेत्री मनीषा यादव किसान नेता मुकेश यादव व शेखर दीक्षित भी मौजूद रहे।