महीने की पहली या दूसरी तारीख को मिलता है वेतन
शहर में केंद्र और राज्य सरकार के विभागों में करीब 1.5 लाख कर्मचारी और अधिकारी काम करते हैं। वहीं, केडीए, नगर निगम और जलकल में भी करीब दस हजार कर्मचारी कार्यरत हैं। राज्य सरकार के अधीन आने वाले उद्योग विभाग, एसजीएसटी, श्रम विभाग समेत अन्य सरकारी कार्यालयों में महीने की पहली या दूसरी तारीख को वेतन मिलता है।
एडवांस में सैलरी देने की मांग शुरू की थी
वहीं, केंद्र सरकार के कार्यालयों में अंतिम कार्यदिवस पर भुगतान की व्यवस्था है। आउटसोर्स व अन्य श्रेणी के तहत लगे कर्मचारियों को महीने के पहले हफ्ते या उसके बाद ही वेतन मिलता है। ऐसे में कर्मचारियों के मन में इस बात को लेकर चिंता थी कि वेतन अगर नियत दिन आया तो उनकी दिवाली फीकी रह जाएगी। इसी वजह से कर्मचारी संगठनों ने एडवांस में सैलरी, बोनस व डीए देने की मांग शुरू की थी।
बैंक कर्मचारी-अधिकारी तनावमुक्त
केंद्र व राज्य सरकार के कर्मचारी-अधिकारी दिवाली के महीने के आखिर में पड़ने के बाद भी तनावमुक्त हैं। कारण, बैंकों में सामान्य तौर पर वेतन महीने की 25 तारीख को आ जाता है। एसबीआई व पीएनबी में 25 को जबकि बैंक आफ बड़ौदा में 24 को वेतन आता है। बैंक आफ इंडिया व अन्य सरकारी बैंकों में 30 अक्तूबर से पहले वेतन और बोनस का भुगतान होता है लेकिन त्योहार की वजह से उन्हें भी पहले ही वेतन मिलने की उम्मीद है।
कर्मचारी संगठनों ने पत्र लिखकर की थी मांग
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संरक्षक भूपेश अवस्थी और जिलाध्यक्ष प्रभात मिश्रा ने सरकार को पत्र भेजकर 26-27 अक्तूबर तक बोनस और वेतन भुगतान कराने की मांग की थी। हालांकि सेंट्रल गवर्नमेंट ऑफिसर्स एंड इंप्लाइज वेलफेयर फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक शरद प्रकाश अग्रवाल ने दावा किया कि आयकर समेत सभी केंद्रीय विभागों में महीने के अंतिम कार्यदिवस पर भुगतान होगा।
इन्होंने भी मांगा है एडवांस में वेतन-भत्ता
केस्को मजदूर संघ के अध्यक्ष विजय त्रिपाठी ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से मांग की गई है कि सभी स्थायी और संविदा कर्मियों को दीपावली से पूर्व वेतन, डीए और टीए मिल जाए ताकि उनका त्योहार बेहतर मन सके। वहीं, दशहरे पर बोनस पा चुके रेल कर्मियों को भी एडवांस में वेतन और डीए मिलने की उम्मीद है ताकि उनकी भी दिवाली रौशन रहे। सरकारी महकमों को सरकार के एलान और बजट जारी होने का इंतजार है।
खेल विभाग और यूपीसीए देगा बोनस
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से अपने अधिकारियों, कर्मचारियों, गार्ड समेत अन्य सदस्यों को दीपावली से पहले बोनस और वेतन दिया जाएगा। खेल विभाग भी दीपावली पर सरकार के आदेशानुसार इस बार बोनस त्योहार से पहले प्राप्त हो जाएगा।
रोडवेज कर्मियों का बोनस 10 साल से बंद
रोडवेज कर्मियों का बोनस दस साल से बंद है। रोडवेज कर्मचारी यूनियन के क्षेत्रीय अध्यक्ष गया प्रसाद पांडेय ने बताया कि पिछले महीने यूनियन की प्रदेश स्तरीय बैठक हुई थी जिसमें बोनस की मांग हुई थी। अब 24 अक्टूबर को शासन के सामने मांगपत्र रखा जाएगा जिसमें बोनस के साथ ही टीए और डीए बढ़ाने की मांग रहेगी।