रसूलाबाद। ब्लॉक प्रमुख चुनाव में मतदान के दौरान सपाइयों ने उपद्रव किया। पुलिस ने उन्हें लाठी पटक कर भगाया। इसके बाद मतगणना के दौरान फिर सपाई केंद्र के बाहर एकत्र हो गए। जैसे ही हार की सूचना मिली सपाइयों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
रसूलाबाद ब्लॉक में प्रमुख पद के चुनाव में भाजपा और सपा का सीधा मुकाबला रहा। इसमें भाजपा से राधा दुबे व सपा सेे मीना शुक्ला मैदान में थी। कुल 116 क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। दोनों प्रत्याशी सदस्यों को अपने पक्ष में करने के लिए लगे रहे। मतदान के समय सपाइयों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लाठी पटक कर उन्हें भगाया।
तीन बजे के बाद मतगणना शुरू हुई तो फिर सपाई केंद्र के बाहर एकत्र हो गए। चुनाव परिणाम आया तो भाजपा प्रत्याशी राधा दुबे को 65 वोट मिले। उन्होंने 14 मतों से सपा प्रत्याशी को हराया। इससे गुस्साए सपाइयों ने केंद्र के बाहर पथराव शुरू कर दिया।
जिससे एक महिला सिपाही के सिर में पत्थर लगा, लेकिन हेलमेट लगाए होने से मामूली चोट आई। इस पर पुलिस ने फिर लाठी पटक कर उन्हें खदेड़ा। इस मौके पर एसडीएम अंजू वर्मा, सीओ परशुराम सिंह, तहसीलदार अजीत यादव, प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार शुक्ला मौजूद रहे।