कानपुर। आरटीई के तहत निजी स्कूलों में इस बार रिकाॅर्ड दाखिले हुए हैं। पिछले चार वर्षों में चयनित बच्चों की संख्या में चार गुना से अधिक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अभिभावकों का रुझान इस योजना की ओर लगातार बढ़ रहा है।
बेसिक शिक्षा विभाग के अनुसार अभ तक हर साल करीब 16 हजार बच्चों के दाखिले का लक्ष्य रखा गया है। सत्र 2022-23 में जहां 2218 बच्चों का चयन हुआ था वहीं 2023-24 में यह संख्या बढ़कर 3800 हो गई। इसके बाद 2024-25 में 4084 बच्चों का चयन हुआ। इस बार सबसे अधिक प्रवेश हुए। 2025-26 में यह संख्या बढ़कर 10647 पहुंच गई। बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह का कहना है कि आरटीई के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। विभाग की ओर से चलाए जा रहे प्रचार-प्रसार अभियान, सरल और पारदर्शी ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया और समयबद्ध चयन प्रक्रिया ने अभिभावकों का भरोसा मजबूत किया है।