रसूलाबाद। हिंदू सम्मेलन की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने शुक्रवार को विकास नगर स्थित ऋषि आश्रम में महिलाओं और पुरुषों की एक संयुक्त बैठक की। बैठक में विभाग प्रचारक राहुल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए हिंदू समाज की एकजुटता और मातृ शक्ति की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भारत वीरों और वीरांगनाओं की भूमि है। मातृ शक्ति ने रानी लक्ष्मीबाई, झलकारी बाई, जीजाबाई और मीरा जैसी वीरांगनाओं को जन्म देकर ऐसे संस्कार दिए, जिनसे देश की रक्षा संभव हुई। बैठक के उपरांत ऋषि आश्रम से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भारत माता के जयघोष लगाए।
शोभायात्रा में एक रथ पर युवती को भारत माता की वेशभूषा में सजाकर आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। कलश यात्रा कस्बे के विभिन्न मार्गों से होती हुई प्रसिद्ध धर्मगढ़ बाबा मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत रसूलाबाद थानाध्यक्ष सतीश सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। इस अवसर पर हिंदू संगठनों के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। यहां रामलखन, धीरेंद्र, विजेंद्र कुमार, रमेश, गोपाल आदि मौजूद रहे।