कानपुर में महाराजपुर क्षेत्र के टौंस बाजार में बुधवार देर रात असलहों से लैस बदमाश ज्वैलरी शॉप से नगदी-जेवर समेत दो लाख का माल समेट ले गए। वारदात से पहले बदमाशों ने दुकान के बाहर सो रहे पड़ोसी दुकानदार को पीटा। हाथ-पैर बांधकर उसे खेत में फेंक गए। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी पर आक्रोशित व्यापारी हंगामा कर धरने पर बैठ गए।
महाराजपुर निवासी पंकज सोनी की टौंस बाजार में लक्ष्मी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बगल में श्रीप्रकाश मिश्रा की स्टेशनरी की दुकान है। श्रीप्रकाश दुकान के बाहर ही सोता है। बुधवार रात भी वह दुकान के बाहर चारपाई पर सो रहा था। श्रीप्रकाश के मुताबिक देर रात असलहों से लैस पांच बदमाशों ने लोहे की राड से उसे पीटना शुरू कर दिया। एक बदमाश ने तमंचा तान दिया और फिर धमकाते हुए अन्य बदमाशों ने उसके हाथ-पैर अंगौछे से बांध उठाकर दुकान के पीछे खेत में फेंक दिया। इसके बाद पकंज की दुकान के ताले तोड़कर नकदी व जेवर समेट ले गए।
गुरुवार सुबह 4 बजे किसी तरह से खुद को बंधनमुक्त कराने के बाद उसने घटना की जानकारी पकंज को दी। इसके बाद व्यापारियों और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉग स्क्वाड और फोरेंसिक टीम बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पकंज ने बताया कि बदमाश दुकान से नगदी और जेवर समेत करीब दो लाख का माल समेट ले गए हैं। एसओ रविशंकर त्रिपाठी का कहना है कि सराफ की तहरीर पर डकैती में एफआईआर दर्ज की गई है।