फतेहपुर के खखरेरू में किशनदासपुर गांव के पास एक सराफ को पल्सर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने गोली मारकर 50 हजार रुपये की नगदी और जेवर सहित पांच लाख रुपये का माल लूट लिया। खखरेरू पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया है।
खखरेरू थाने के पुरमई गांव निवासी सुनील सोनी (35) की कौशांबी जनपद के मोहब्बतपुर पइंसा थाना क्षेत्र के अफजलपुर वारी गांव में जेवरों की दुकान है। वह शनिवार देर शाम बाइक से रोज की तरह घर लौट रहे थे। सराफ के अनुसार उसके पास करीब 70 ग्राम सोना, चार किलोग्राम चांदी के जेवर के साथ करीब 50 हजार रुपये नगद थे।