उन्नाव के पटना बिहार थानाक्षेत्र में एक ढाबे के पास खड़े ट्रक चालक को दो बदमाशों ने सोते समय दबोच लिया। मारपीट कर चाभी छीनी और रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए। लुटेरे ट्रक को भगवंतनगर-फतेहपुर मार्ग पर लेकर गए। रास्ते में चालक को सुमेरपुर कस्बे के पास पुलिया से सूखी नहर में फेंक दिया। सुबह लोगों ने देखा तो चालक के हाथ-पैर खोले।
पीड़ित ने लोगों को आपबीती बताई तो सभी ने उसे बिहार थाने भेजा। चालक की सूचना पर ट्रक मालिक भी पहुंच गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बिहार के जहानाबाद निवासी ट्रक चालक रंजीत कुमार पुत्र रामआसरे यादव कानपुर से माल लेकर गुरुवार को बिहार प्रांत के दरभंगा गया था। शुक्रवार रात को खाली ट्रक लेकर कानपुर लौट रहा था।
रात करीब दो बजे उसने उन्नाव के बिहार थानाक्षेत्र में उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर अंशिका ढाबे के पास ट्रक खड़ा किया और खाना खाने के बाद ट्रक में सो गया। ट्रक चालक रंजीत के मुताबिक शनिवार भोर पहर करीब तीन बजे दो युवक ट्रक में चढ़े और सोते समय ही उसे दबोच लिया। बदमाशों ने मारपीट कर उसके मुंह में कपड़ा भर दिया और ट्रक की चाभी व मोबाइल फोन छीनने के बाद उसके हाथ पैर रस्सी से बांध कर ट्रक में डाल लिया।
भगवंतनगर फतेहपुर मार्ग पर सुमेरपुर कस्बे के पास बदमाशों ने चालक को एक सूखी नहर में फेंक दिया। पुलिस थाने से चालक ने ट्रक मालिक कानपुर के यशोदानगर निवासी सुरेश मिश्रा को घटना की सूचना दी। बिहार थानाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। चालक ट्रक में क्या माल लेकर बिहार के दरभंगा गया था। चालक के पास कितनी रकम थी आदि की जानकारी की जा रही है। तहरीर में इसका कोई जिक्र नहीं किया है।