प्रदेश की कानून व्यवस्था को आइना दिखा देने वाली एक ऐसी घटना हुई जो आम नहीं है। छह लुटेरों ने मिलकर अवैध असलहों की दम पर बस लूट ली। औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के फफूंद-पाता मार्ग के मध्य गांव खानपुर के समीप बदमाशों ने प्राइवेट बस में लूटपाट की। विरोध करने पर एक यात्री को मारपीट कर घायल कर दिया। कुछ यात्रियों ने यूपी 100 नंबर डायल कर दिया। फोन करते देख बदमाश बस रुकवाकर भाग गए। पुलिस बस व यात्रियों को थाने ले आई। कंडक्टर ने एक नामजद सहित पांच के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने घायल यात्री को दिबियापुर सीएचसी में भर्ती कराया।
असलहों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने बस को रुकवा दिया
जानकारी देता परिचालक मुनन।
- फोटो : अमर उजाला
फफूंद से एक प्राइवेट बस शुक्रवार की देर शाम रामगढ़ सवारी लेकर जा रही थी। फफूंद-पाता के मध्य गांव खानपुर के समीप किसान सेवा केंद्र (पेट्रोल पंप) के समीप असलहों से लैस आधा दर्जन बदमाशों ने बस को रुकवा दिया। बस के परिचालक मुनन निवासी मोतीपुर फफूंद को मारपीट कर रुपये से भरा थैला लूट लिया। बस में बैठी सवारी सुनीता देवी पत्नी बब्लू निवासी गांव सहबाजपुर थाना अजीतमल से मारपीट कर रुपये छीन लिए व मिथलेश कुमारी पत्नी सतीश कुमार निवासी मोहल्ला आदर्श नगर थाना भरथना जिला इटावा से मारपीट कर कान की झुमकी व रुपये लूट लिए। लूटपाट का विरोध करने पर रामू दुबे निवासी भीमसेन जिला कानपुर देहात को तमंचे की बट व लोहे की राड मारकर लहूलुहान कर दिया। सवारियों में चीख पुकार मच गई। बस में बैठी किसी सवारी ने यूपी 100 पुलिस को सूचना दे दी। यह देख बदमाश बस रुकवाकर असलहा लहराते हुए भाग निकले। कुछ देर में यूपी 100 पुलिस पहुंच गई। पुलिस बस को थाने ले आई। जहां घायल रामू दुबे को गंभीर हालत में सीएचसी दिबियापुर में भर्ती कराया।
परिचालक मुनन ने थाने में एक नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध लूट की तहरीर दी है
घटना की जानकारी देती पीड़ित महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
परिचालक मुनन ने थाने में एक नामजद व पांच अज्ञात के विरुद्ध लूट की तहरीर दी है। बताया कि उससे 3800 रुपये लूट लिए। घायल सुनीता देवी ने बताया कि हम अपने भांजे की शादी में ग्राम धर्मपुरजहूर अली में शामिल होने जा रहे थे, बदमाशों ने झुमकी व एक हजार रुपये लूट लिए। वहीं, मिथलेश कुमारी ने बताया की हम अपनी बड़ी बहन सुनीता देवी के साथ अपने भांजे की शादी में शामिल होने जा रहे थे। बदमाशों ने पर्स लूट लिया, जिसमें पांच हजार रुपये थे।
पाता चौकी इंचार्ज राजकुमार ने बताया कि शराब के लिए लड़ाई हुई थी। आरोपी, कंडक्टर से शराब के लिए रुपये मांग रहे थे जिस पर विवाद हुआ और सवारियों के विरोध पर उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।