राजपुर। रोडवेज बस चालक या फिर विभाग के अधिकारियों की बेफिक्री की वजह से लोगों को रोडवेज बसों का लाभ नहीं मिल रहा है। निगम की तरफ से निर्धारित किए गए स्थानों पर रोडवेज बसें नहीं रुकती हैं। इसकी वजह से यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। वहीं, स्टेट हाईवे पर भी बसों का टोटा है, जिससे यात्री परेशान हैं।
इटावा-कानपुर हाईवे किनारे खोजाफूल, सिकंदरा, रसधान सहित कई स्थानों पर रोडवेज बसों को रोककर यात्रियों को लेने के निर्देश हैं। मगर इन स्थानों पर चालक बस को नहीं रोकते हैं। यात्रियों को डग्गामार वाहनों को सहारा लेना पड़ता है। इधर सिकंदरा कस्बे में लगभग 30 हजार की आबादी है। यहां निर्धारित स्थल पटेल चौक से होकर बिरहाना ओवरब्रिज के नीचे से परिवहन निगम की बसों के चलने के निर्देश हैं।
इसके बावजूद बस चालक बसों को पटेल चौक से न लाकर औरैया से सीधे बिरहाना ओवरब्रिज के ऊपर से बसों को लेकर गुजरते हैं। ऐसे में यहां के लोगों को कानपुर, लखनऊ, इटावा, दिल्ली जाने के लिए सूर्या ढाबा या फिर बिरहाना चौराहे से बसों को पकड़ना पड़ता है। इधर पटेल चौक से बिरहाना चौराहे की दूरी करीब 1 किलोमीटर है। कस्बे के लोगों ने रोडवेज की बसों को सिकंदरा में रोकने की परिवहन निगम के उच्चाधिकारियों से मांग की है। एआरएम शशि सिंह ने बताया कि जिन स्थानों पर बस रुकने के निर्देश हैं वहां पर ठहराव है। यदि ऐसा नहीं हो रहा तो इसकी जानकारी की जाएगी।