कानपुर। मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक शुक्रवार को मंडलायुक्त की अध्यक्षता में छह बंगलिया रोड स्थित कार्यालय में हुई। इसमें उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्रों की खस्ताहाल सड़कों और जलभराव से हो रही परेशानियां बताईं। इस दौरान अफसरों ने बताया कि इस्पातनगर में 54 करोड़ से सड़कें, 10 करोड़ से नाले-नालियां बनवाई जाएंगी।
उद्यमियों ने एक साल से खराब दादानगर-विजयनगर सड़क बनवाने की मांग उठाई। मंडलायुक्त ने जल्द से जल्द सड़क बनाने के निर्देश दिए। फीटा के महासचिव उमंग अग्रवाल ने बताया कि फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में जल निगम ने सीवर लाइन डाली थी, अभी तक बड़े-बड़े गड्ढे हैं और सड़क नहीं बनी है। मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला रैंप भी तोड़ दिया गया था। इस्पातनगर, व्यापारनगर में सड़कें खराब हैं। अफसरों ने बताया कि 18 सितंबर से कार्य शुरू कराया जाएगा।
उद्यमियों ने यूपीसीडा द्वारा उद्यमी अनूप अग्रवाल को भूखंड आवंटित करने के बाद भी न देने, एलएमएल चौराहे से भौंती बाईपास, पनकी तक सड़क के किनारे ग्रीन बेल्ट न होने, फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में कूड़ा न उठने की समस्या बताई। रूमा औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव के संबंध में तीन सदस्य कमेटी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त आयुक्त उद्योग सुनील कुमार, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, उद्यमी मनोज बंका, बृजेश अवस्थी, मिक्की मनचंदा, शिवकुमार गुप्ता, लाडली प्रसाद, संदीप अवस्थी आदि मौजूद रहे।