ग्रीन पार्क स्टेडियम में अभ्यास करते खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
उन्होंने कहा कि लोगों तक संदेश पहुंचाने के लिए पूरे स्टेडियम में सड़क सुरक्षा संदेशों के साथ काफी बैनर होंगे। जैसे किसी और आयोजन में हम ब्रेक के दौरान केवल विज्ञापन देखते हैं वैसे ही इस सीरीज के दौरान सड़क सुरक्षा के नारे और वीडियो दिखाए जाएंगे। मैच का लाइफ प्रसारण कलर्स सिनेप्लेक्स, कलर्स सिनेप्लेक्स सुपरहिट और हाल ही में लॉन्च किए गए स्पोर्ट्स18 चैनल पर होगा। वार्ता में कंपनी के सलमान खान भी मौजूद रहे।
श्रीलंका के नौ खिलाड़ी बुधवार को पहुंचे
रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज को लेकर श्रीलंका के नौ और खिलाड़ी बुधवार को शहर पहुंच गए हैं। चकेरी एयरपोर्ट पहुंचने के बाद खिलाड़ी बस द्वारा होटल रॉयल क्लिफ पहुंचे। यहां होटल की आकांक्षा यादव ने सभी खिलाड़ियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। वहीं, राजदीप मक्कड़ व राजेश गुप्ता ने माला पहनाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। इसके बाद खिलाड़ियों ने सॉफ्ट ड्रिंक ली और बाद में अपने-अपने कमरे में चले गए।
सचिन तेंदुलकर व यूसुफ पाठन बुधवार शाम करीब पांच बजे लखनऊ से कार द्वारा होटल लैंडमार्क पहुंचे। यहां पर इन खिलाड़ियों का स्वागत होटल मैनेजमेंट की तरफ से किया गया। यहां से वह कार से शाम सात बजे ग्रीनपार्क पहुंचे, जहां उन्होंने फ्लड लाइट में करीब दो घंटे अभ्यास किया। सचिन के साथ उनकी टीम में शामिल गेंदबाजों ने उन्हें अभ्यास कराया। वहीं, युसूफ पठान ने भी जमकर पसीना बहाया।
ग्रीनपार्क स्टेडियम में आते ही सचिन व युसूफ पहले न्यू प्लेयर्स पवेलियन में आए। पवेलियन को देखने के बाद सचिन ने ग्रीनपार्क की तारीफ की। इसके बाद सचिन ने पूरा स्टेडियम देखा। फिर दोनों ने साथ मिलकर वार्मअप किया। इसके बाद बैट उठाया और गेंदों का सामना किया। बताते चलें कि टूर्नामेंट के पहले संस्करण में भारतीय लीजेंड्स की कप्तानी भी सचिन तेंदुलकर ने ही की थी। वहीं, दोपहर करीब तीन बजे होटल रॉयल क्लिफ से श्रीलंका के खिलाड़ी बस द्वारा ग्रीनपार्क पहुंचे। इसके बाद यहां पर उन्होंने करीब तीन घंटे तक जमकर अभ्यास किया। जाते समय सभी खिलाड़ियों ने ग्रीनपार्क पूरा घूमा।
सुरेश रैना टीम में हुए शामिल
आरएसडब्ल्यूएस कॉरपोरेट के प्रमुख अनस बकाई ने बताया कि भारतीय टीम में अब रैना भी शामिल होंगे। पहले भी टीम में रैना शामिल थे, मगर कुछ व्यक्तिगत समस्याओं के कारण उनका आना स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। बुधवार को रैना ने आने की पुष्टि की है। गुरुवार को रैना शहर पहुंच जाएंगे। शुक्रवार को रैना फ्लड लाइट में अभ्यास करेंगे। कुछ अन्य टीमें भी गुरुवार को शहर आएंगी।
रोज एक स्कूल के बच्चों को निशुल्क दिखाया जाएगा मैच
आरएसडब्ल्यूएस कॉरपोरेट के प्रमुख अनस बकाई ने बताया कि बच्चों के अंदर सड़क सुरक्षा को लेकर ज्यादा से ज्यादा जागरुकता फैले, इसलिए हम प्रतिदिन किसी एक स्कूल को चिह्नित करेंगे। वहां के बच्चों को निशुल्क मैच दिखाया जाएगा और उन्हें ट्रैफिक नियमों के बारे में भी बताया जाएगा। उन्होंने कहा था कि 2013 में सचिन ने जब टेस्ट क्रिकेट से अलविदा किया था तो उस समय उन्होंने बीसीसीआई व सभी राज्य क्रिकेट इकाइयों से अनुरोध किया था कि टेस्ट मैचों के आयोजन में बच्चों को निशुल्क मैच दिखाने की व्यवस्था लागू की जाए। इसके बाद उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने 2016 में ग्रीनपार्क में हुए टेस्ट मैच में स्कूली बच्चों को बुलाया था। बकाई ने कहा कि अब मेजबान इंडिया लीजेंड्स के कप्तान सचिन खुद शहर में हैं तो यह फैसला लिया गया है।