कानपुर। मूर्ति विसर्जन को देखते हुए एक और दो अक्तूबर को दोपहर 1 बजे से विसर्जन समाप्ति होने तक यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित रूट का पालन करें ताकि जाम की स्थिति न बने।
डीसीपी ट्रैफिक रविंद्र कुमार ने बताया कि कल्याणपुर से अर्मापुर की ओर भारी और मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें जरीब चौकी–फजलगंज–विजयनगर होते हुए भौंती की ओर डायवर्ट किया जाएगा। कल्याणपुर से बारा सिरोही नहर की ओर भारी व मध्यम वाहन नहीं जा सकेंगे। इनके लिए शताब्दी नगर–गंगागंज क्रॉसिंग से भौंती तक का मार्ग तय किया गया है।
कंपनीबाग से आने वाला यातायात रेव थ्री तिराहे से भैरोघाट–ग्रीनपार्क चौराहे की तरफ नहीं जा सकेगा। वाहनों को आभा नर्सिंग होम मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। उन्नाव की ओर से आने वाला यातायात गंगा बैराज से कर्बला की ओर नहीं मुड़ेगा बल्कि सीधे यशकोठारी चौराहे से सिंहपुर तिराहे से निकाला जाएगा। मंधना चौराहा से गंगा बैराज की ओर भारी व मध्यम वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। गंगाबैराज चौकी व गंगाघाट थाना (उन्नाव) से भी भारी व मध्यम वाहनों की एंट्री नहीं होगी।