फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kanpur News: तालाब किनारे कटी सड़क, गहरा गड्ढा बना हादसे की वजह

Sun, 22 Feb 2026 01:54 AM IST
कानपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कानपुर देहात। शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर बैरी सवाई के पास वैन के तालाब में गिरने और चार लोगों की डूब कर मौत के मामले में सड़क सुरक्षा को लेकर लापरवाही सामने आई है। तालाब किनारे सड़क की कटान के साथ गहरा गड्ढा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी गड्ढे में वैन का पहिया चला गया जिससे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई थी।
विज्ञापन

खराब सड़क हादसों की वजह न बन सके इसके लिए लगातार शासन की ओर से गड्ढा मुक्त सड़क अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही जिम्मेदारों को प्रत्येक मार्ग पर सड़क सुरक्षा मानकों को पूरा कराने के निर्देश भी दिए जा रहे हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार महज कागजों पर शासन के अभियानों को पूरा कर इतिश्रि करवा ले रहे हैं। कल्याणपुर-शिवली मार्ग पर प्रतिदिन करीब पांच हजार वाहनों का आवागमन होता है। इसके बाद भी जिम्मेदारों ने सुरक्षा को लेकर सड़क पर कोई भी व्यवस्था नहीं की है।
कल्याणपुर-शिवली मार्ग पर बैरी सवाई के पास सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम नजर नहीं आएं। यहां पर दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर व प्रकाश आदि की व्यवस्था नहीं है। शुक्रवार को बैरी सवाई में जिस स्थान पर हादसा हुआ। वहां सड़क के दोनों ओर तालाब हैं। पास में ही एक तीव्र मोड़ भी है। यहां क्रैश बैरियर लगाना तो दूर सड़क में हुई कटान व गड्ढों को भरवाना भी लाजमी नहीं समझा जाता। घटना स्थल के पास रहने वाले इब्राहिम और रामबाबू बताते हैं कि तालाब के किनारे ही सड़क में करीब ढ़ाई से तीन फीट गहरे दो गड्ढे हैं। इनके पास घास उग आने से वाहन सवारों को रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देते हैं। पेट्रोल पंप के पास मोड़ होने के चलते वाहन सवार को सामने आने वाला वाहन भी जल्द नहीं दिखता है। इसके अलावा मार्ग पर रोशनी की भी कोई व्यवस्था नहीं हैं।
विज्ञापन

बताया कि शुक्रवार शाम रसूलाबाद से कानपुर की ओर जा रही वैन के चालक ने सामने से एक वाहन की रोशनी पड़ने और पास में घूम रहे मवेशी से बचने के लिए वैन सड़क किनारे की, इसी बीच गड्ढे में पहिया चले जाने से वैन तालाब में पलट गई। वह लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तालाब में उतरकर वैन में फंसे छह लोगों को सुरक्षित निकाल लिया। वहीं कानपुर नगर के आवास विकास-3 कल्याणपुर निवासी राजकिशोर अग्निहोत्री (60), उनकी पत्नी स्नेहलता (55), बेटी राखी उर्फ हिमांशी (35) व शिव (2) को नहीं बचा सके। इसका उन्हें मलाल है।
.....................
ग्रामीण बोले- छोटे हादसों पर किया होता गौर तो नहीं होता इतना बड़ा हादसा
शिवली-कल्याणपुर मार्ग जिले के अति व्यस्त मार्ग में से एक है। इस मार्ग पर आमजनों के साथ कानपुर नगर आने जाने वाले मालवाहक वाहन भी गुजरते हैं। सड़क पर यात्रियों की सुरक्षा की व्यवस्था न होने से आए दिए हादसे होते रहते हैं। लोगों ने बस्ती व दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र में स्पीड ब्रेकर बनवाए जाने की कई बार मांग की अनदेखी के चलते हादसा हो गया। - रामबाबू
...............
सड़क किनारे एक ओर तालाब है जबकि दूसरी ओर अराजी भूमि है। जल भराव के चलते वह भूमि भी तालाब का रूप ले चुकी है। बारिश के दौरान सड़क के बराबर पानी आ जाने से सड़क में कटान हो गई थी। ग्रामीणों ने कई बार लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। तालाब किनारे हुए गड्ढे से चार लोगों की जान चली गई। - धर्मेंद्र कुमार, ग्राम प्रधान
................
सड़क के दोनों ओर तालाब होने के बावजूद भी क्रैश बैरियर नहीं है। इस स्थान से वाहन निकालने के दौरान हादसों का खतरा बना रहता है। साथ ही बच्चों को भी सड़क से गुजरने के दौरान अनहोनी की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने कई बार जिम्मेदारों से क्रैश बैरियर लगवाने की मांग की। अनदेखी के चलते शुक्रवार को हादसा हो गया। यदि क्रैश बैरियर लगे होते तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। - मुकेश कुमार अधिवक्ता, बैरी सवाई
..................
रात में शिवली-कल्याणपुर मार्ग से भारी वाहन गुजरते हैं। जिस जगह हादसा हुआ है वहां दोनों तरफ पानी भरा है। एक तरफ का तालाब गहरा है। थोड़ा आगे चलने पर मोड़ भी है। कई बार इस जगह हादसे हो चुके हैं। आए दिन छोटे-छोटे हादसे होते रहते हैं। वहीं सड़क पर छुट्टा मवेशियों का घूमना भी सिरदर्दी है। शुक्रवार रात हादसे के समय एक अन्ना मवेशी घूम रहा था। आशंका है कि चालक ने उससे भी बचने की कोशिश की होगी। - इब्राहिम
.................
वर्जन...............
सड़क का हिस्सा नहीं हटा है। जिस जगह हादसा हुआ है। वहां पर तालाब किनारे की पटरी कटी हुई है। जिस गड्ढे की वजह से हादसा होने की बात कही जा रही है वह सड़क एजिंग लाइन व थर्मोप्लास्टिंग पेंट लाइन से बाहर है। जिस जगह हादसा हुआ वहां पहले ब्रेकर बना था। लोगों ने शिकायत की इससे लोग गिर जा रहे है। मजबूरन उसे हटवाना पड़ा था। सड़क पर सेवरान बोर्ड व स्पीड लिमिट संकेतक लगे हैं। फिलहाल रोड सेफ्टी के तहत क्रैश बैरियर लगवाने के लिए इस्टीमेट बनाया जा रहा है। जल्द ही तालाब किनारे सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। - आरके राय, सहायक अभियंता लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें