हरदोई जिले के रामपुर में शादी में शामिल होकर लौट रहे दोस्तों की कार लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर नई बस्ती के पास सामने से आ रही पिकअप से जा भिड़ी। हादसे में लखनऊ निवासी युवक व लखनऊ चुंगी से बतौर सवारी कार में सवार हुई वृद्धा की मौत हो गई।
युवक के दोस्तों समेत कार सवार दो अन्य सवारियां भी घायल हुई हैं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है। लखनऊ के मोहल्ला तेलीबाग निवासी जितेंद्र साहू (40) रविवार की रात किराये की कार से दोस्त ताबीज अहमद (38) व करन (22) के साथ शादी में शामिल होने रामपुर गया था।
कार को चालक चला रहा था। सुबह वे लोग कार से लौट रहे थे। हरदोई में लखनऊ चुंगी पर चालक ने मझिला थाना क्षेत्र के पारा गांव निवासी अटल बिहारी (36), पिहानी निवासी सीमा गुप्ता (38), चौहान थोक, हरदोई निवासी रामबेटी (60) को कार में सवारी के तौर पर बैठा लिया।
नई बस्ती गांव के पास आगे चल रही कार को ओवरटेक करने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही पिकअप में जा घुसी। हादसे में जितेंद्र, ताबीज, करन, अटल बिहारी, सीमा गुप्ता व रामबेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक मौके से भाग गया।