फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs NZ Test Series: ग्रीनपार्क में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने अश्विन-जडेजा की मेहनत पर फेरा पानी, मैच ड्रॉ 

Mon, 29 Nov 2021 09:13 PM IST
शिखा पांडेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

न्यूजीलैंड के स्कोर बोर्ड में आठ रन और जुड़े थे कि जडेजा ने टिम साउदी को आउट करके टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद रचिन रविंद्र और एजाज पटेल ने साहस के साथ बैटिंग करके टीम इंडिया को जीत से दूर कर दिया।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट मैच - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रविंद्र जडेजा (चार विकेट) और आर अश्विन (तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद भी आखिरी गेंद तक चले रोमांचक मुकाबले में ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड का पहला टेस्ट मैच ड्रॉ हो गया है। न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम और मध्यक्रम के फ्लॉप होने के बाद निचले क्रम के बल्लेबाजों ने साहस और धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम को जीत से महरूम कर दिया।
विज्ञापन


अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे रचिन रविंद्र ने 91 गेंद खेलकर भारतीय गेंदबाजों से कड़ा संघर्ष किया। कम रोशनी भी टीम इंडिया की जीत में रोड़ा बनी। डेब्यू टेस्ट की दोनों पारियों में शानदार बल्लेबाजी करने वाले श्रेयस अय्यर मैन ऑफ द मैच चुने गए।

उन्होंने पहली पारी में 105 रन और दूसरी पारी में 65 रन बनाए थे। इससे पहले ग्रीनपार्क में 2004 में दक्षिण अफ्रीका के साथ हुआ टेस्ट मैच भी ड्रॉ रहा था। रविवार के स्कोर चार रन पर एक विकेट से आगे खेलते हुए टॉम लॉथम और नाइट वाचमैन विलियम सोमरविले ने न्यूजीलैंड को अच्छी शुरुआत दी।
विज्ञापन


लंच तक बिना विकेट खोए दोनों टीम का स्कोर 79 तक ले गए। लंच के बाद शुरू हुए खेल के पहले ओवर में उमेश यादव ने सोमरविले को शुभगन गिल के हाथों कैच आउट करा दिया। सोमरविले ने 36 रन बनाए। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की।

इसके बाद लॉथम और कप्तान केन विलियम्सन टीम का स्कोर 118 रन तक ले गए। पहली पारी में शानदार शतक लगाने वाले लॉथम ने अपना अर्द्घशतक पूरा किया। इसके बाद वह 52 के स्कोर पर आउट हो गए। उन्हें अश्विन ने बोल्ड कर दिया। कप्तान और रॉस टेलर ने पारी आगे बढ़ाई।

चायकाल से ठीक पहले जडेजा ने रॉस टेलर को दो रन पर आउट करके न्यूजीलैंड को चौथा झटका दिया और टीम इंडिया को जीत की उम्मीद बंधाई। इसके बाद अक्षर पटेल ने हेनरी निकोल्स को एक रन के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू कर दिया और न्यूजीलैंड को पांचवां झटका दिया।

126 रन के स्कोर पर न्यूजीलैंड की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। इसके बाद 128 रन के स्कोर पर जडेजा ने कप्तान केन विलियम्सन का विकेट झटककर मैच में रोमांच बढ़ा दिया। केन 24 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद टॉम ब्लंडेल को दो रन के स्कोर पर अश्विन ने बोल्ड कर दिया।

147 के स्कोर पर काइल जैमिसन के रूप में न्यूजीलैंड का आठवां विकेट गिरा। उन्हें जडेजा ने आउट किया। न्यूजीलैंड के स्कोर बोर्ड में आठ रन और जुड़े थे कि जडेजा ने टिम साउदी को आउट करके टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद रचिन रविंद्र और एजाज पटेल ने साहस के साथ बैटिंग करके टीम इंडिया को जीत से दूर कर दिया।


ग्रीनपार्क में इस बार भी जीत न पाई न्यूजीलैंड 
आईसीसी की ओर से पहली बार 2021 में आयोजित विश्व टेस्ट चैंपियनशिप में न्यूजीलैंड की टीम भारतीय टीम को हराकर विश्व चैंपियन बनी थी। हालांकि ग्रीनपार्क में न्यूजीलैंड का जीत का सपना पूरा नहीं हो सका है। यहां पर दोनों टीमों के बीच अब तक चार टेस्ट मैच खेले गए हें। दो में भारतीय टीम ने जीत दर्ज की है। दो मैच ड्रॉ रहे हैं।  2016 में भारतीय टीम ने अपना 500वां मैच यहीं पर न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसमें भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 197 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी।

भारतीय तेज गेंदबाज बेअसर, न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने छाप छोड़ी
ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले गए दो टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मैच में भारतीय तेज गेंदबाज बेअसर रहे जबकि न्यूजीलैंड के दोनों तेज गेंदबाजों ने छाप छोड़ी। इशांत शर्मा ने पहली पारी में 15 ओवर की गेंदबाजी करते हुए पांच मेडन फेंके और 35 रन दिए लेकिन कोई विकेट नहीं ले पाए। दूसरी पारी में चार ओवर डाले लेकिन कोई विकेट नहीं ले पाए।

उमेश यादव ने पहली पारी में 18 ओवर गेंबाजी की। 50 रन देकर केवल एक विकेट चटकाया। दूसरी पारी में 12 ओवर गेंदबाजी करते हुए 34 रन दिए और एक विकेट लिया। वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों ने पहली पारी में नौ विकेट चटकाए। टिम साउदी ने पहली पारी में पांच विकेट और दूसरी में तीन विकेट झटके। दूसरे तेज गेंदबाज काइल जैमिसन ने पहली पारी में तीन और दूसरी पारी में तीन विकेट चटकाए।

न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज और दोनों स्पिनर नहीं चले
न्यूजीलैंड के सबसे अनुभवी बल्लेबाज रॉस टेलर मैच में बड़ी पारी नहीं खेल पाए। पहली पारी में उन्होंने 11 रन और दूसरी पारी में दो रन ही बनाए। कप्तान केन विलियम्सन भी दूसरी पारी में 24 रन बना पाए। हेनरी निकोल्स दूसरी पारी में एक रन बनाकर आउट हो गए। एजाज पटेल को छोड़कर दोनों स्पिनर विलियम सोमरविले और रचिन रविंद्र टर्निंग ट्रैक पर विकेट नहीं ले पाए। एजाज पटेल ने पूरे मैच में तीन विकेट लिए। हालांकि टीम को हार से बचाने में रचिन और सोमरविले का योगदान रहा। 
विज्ञापन

राहुल द्रविड ने फील्ड स्टाफ को दिया 35 हजार इनाम
राहुल द्रविड़ का बतौर हेड कोच यह पहला टेस्ट मैच था। भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहतर रहा। उन्होंने ग्रीनपार्क स्टेडियम की पिच बेहतर तैयार करने के लिए पिच क्यूरेटर शिव कुमार समेत पूरे स्टाफ की तारीफ की। स्टाफ को 35 हजार रुपये का इनाम भी दिया। ऐसे करने वाले वह पहले कोच हैं। पिच क्यूरेटर ने बताया कि पांचवें दिन तक विकेट अच्छा खेला। इसकी तारीफ हेड कोच ने की।

बल्लेबाजी में रहे फ्लाप, फिर भी रहाणे अजेय
ग्रीनपार्क स्टेडियम में बतौर बल्लेबाज कप्तान अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा। दोनों पारियों में वह बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। हालांकि बतौर कप्तान वह अब तक अजेय रहे हैं। यह उनका छठवां टेस्ट मैच था जो ड्रॉ रहा। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया तीन मुकाबले ऑस्ट्रेलिया से और एक मुकाबला अफगानिस्तान से जीत चुकी है। 

ग्रीनपार्क में चार टेस्ट मैच खेलने वाली दूसरी टीम बनी न्यूजीलैंड
ग्रीनपार्क स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड ने अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। न्यूजीलैंड ग्रीनपार्क में चार टेस्ट मैच खेलने वाली दूसरी विदेशी टीम बन गई है। इंग्लैंड ने 1953 से 1985 के बीच छह टेस्ट मैच, ऑस्ट्रेलिया ने 1959-1979 तक तीन, वेस्टइंडीज ने 1958 से 1983 तक तीन, दक्षिण अफ्रीका ने 1996 से 2008 तक तीन मैच खेले हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका ने यहां पर दो मैच खेले हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें