यूपी में हरदोई-लखनऊ हाईवे पर सोमवार रात भीषण सड़क हादसा हुआ। यहां बाइक सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस मौके पर पहुंची।
यह घटना कछौना बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम महरी के पास की है। यहां बाइक सवार तीन युवक खराब खड़े पिकअप डाले में पीछे से जा घुसे। घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीसरे ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
तीनों बाइक सवार एक बरात में शामिल होने एक ही बाइक से जा रहे थे। बघौली थाना क्षेत्र के ग्राम अदिलापुर निवासी सूबेदार के पुत्र की शादी सोमवार को थी। बरात बघौली थाना क्षेत्र के ही ग्राम गणेशपुर गई थी। अदिलापुर निवासी विमलेश (24) पुत्र रामपाल, पृथ्वीराज (26) पुत्र प्रहलाद और राम पूजन (23) पुत्र रघुवीर भी शादी में शामिल होने के लिए एक ही बाइक से सोमवार रात लगभग 11 बजे गणेशपुर जा रहे थे।
घटना में विमलेश और पृथ्वीराज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राम पूजन गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए राम पूजन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना भेजा गया, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतकों में शामिल विमलेश की शादी बीती 12 मई को ही हुई थी। इस घटना से क्षेत्र में कोहराम मच गया।