मृतक हिमांशु पाराशर की फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
महोबा जिले में शहर के नरसिंह कुटी मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी कार के खुले दरवाजे से तेज रफ्तार बुलेट टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि साथी घायल हो गया। वहीं पिता की अस्थियां लेकर प्रयागराज जा रहे कार सवार घायल की मेडिकल कॉलेज झांसी ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।
शहर के पस्तौर गली निवासी हिंमाशु पाराशर (30) बजाज फाइनेंस में काम करता था। शुक्रवार रात वह बुलेट से भटीपुरा पठा तिगैला निवासी एचडीएफसी बैंक कर्मी पवन सोनी (32) के साथ चंद्रकुवर पैलेस एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। रात करीब 12 बजे वापस लौटते समय नरसिंह कुटी मंदिर के पास खड़ी कार के चालक ने अचानक दरवाजा खोल दिया।
जिससे बुलेट सवार दोनों युवक टकराकर घायल हो गए। दुर्घटना में दरवाजा खोल रहा कार सवार रामकृपाल कुशवाहा (39) निवासी चौक बाजार छतरपुर भी घायल हो गया। दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। हादसे में घायल तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जहां डॉक्टर ने बुलेट सवार हिमांशु को मृत घोषित कर दिया जबकि पवन सोनी व कार सवार रामकृपाल की हालत गंभीर होने पर मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया। लेकिन रामकृपाल की रास्ते में मौत हो गई। कार सवार मृतक अपने पिता लल्लू कुशवाहा की अस्थियां विसर्जित करने प्रयागराज जा रहा था। महोबा निवासी अपनी बहन को लेने के लिए कार सवार ने सड़क किनारे वाहन खड़ा किया था। दरवाजा खोलते ही हादसा हो गया। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है।