कानपुर में नौबस्ता बाईपास फ्लाईओवर पर सोमवार सुबह उन्नाव जा रही पुलिसकर्मियों से भरी बस पलट गई। बस में सवार 26 पुलिस वाले घायल हो गए। एक सिपाही व तीन फॉलोवर हैलट में भर्ती हैं। बाकी 22 पुलिसकर्मी प्राथमिक इलाज कराने के बाद चुनाव ड्यूटी के लिए रवाना हो गए।
नौबस्ता इंस्पेक्टर अमित कुमार भड़ाना ने बताया कि अमरोहा जनपद के पुलिसकर्मियों की फिरोजाबाद के बाद उन्नाव में चुनाव ड्यूटी लगी थी। यहां 27 फरवरी को चुनाव होना है। रविवार रात 35 पुलिसकर्मी बस से रवाना हुए।
सुबह करीब पांच बजे बस नौबस्ता बाईपास पर ट्रक को ओवरटेक करने लगी। तभी बस का बायां हिस्सा ट्रक से टकरा गया और बस पलट गई। घायल सिपाही जसवीर, फॉलोवर विक्रम, सतीश व नवाब सिंह हैलट में भर्ती हैं।
इनको आईं मामूली चोटें
विपिन कुमार, आलोक शर्मा, परशुराम, साहब सिंह, शहनूर, तेज पाल सिंह, राहुल सिंह, सनी मलिक, पप्पू, आकाश कुमार, हामिद, योगेंद्र कुमार, कन्हैया, नवल किशोर, अवधेश कुमार, मोहित कुमार, अनुज कुमार, नितिन कुमार, अभिषेक गिल, विष्णु, संजय कुमार व करन पाल सिंह।
सो रहे थे पुलिसकर्मी, चालक को झपकी आने का अंदेशा
बस सवार अधिकतर पुलिसकर्मी सो रहे थे। बताया कि उन्हें पहले कुछ समझ ही नहीं आया कि क्या हुआ। हालांकि समय पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचवाया। वहीं रोडवेज चालक फरार है। अंदेशा है कि उसे झपकी आने की वजह से हादसा हुआ।