आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार को अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो युवकों की मौत हो गई। हादसे की सूचना से मृतकों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कन्नौज जिले में बुधवार सुबह एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। मामला तालग्राम थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे का है। यहां त्रिलोकपुर के निकट एक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई।
विज्ञापन
घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। युवकों के पास से मिले अभिलेखों से उनकी शिनाख्त प्रदीप बर्मन (24) पुत्र भूतेश्वर बर्मन निवासी गांधीनगर जयपुर राजस्थान और सुमित बरमन उर्फ सुबत्र बर्मन (25) पुत्र उपल चंद्र बर्मन निवासी प्रेमओदंगा चन्नी किवारी निशीगंज पश्चिम बंगाल के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही यूपीडा की मदद से बाइक को हटा दिया गया है। वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।