फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आए, खाए और चलते बने मंत्री जी

विज्ञापन
परचून दुकानदार बहादुर कठेरिया के घर पर प्रशासन की परोसी दही, जलेबी खाते मंत्री कपिल देव अग्रवाल, ? - फोटो : KANNAUJ
विज्ञापन
कन्नौज। प्रदेश सरकार के कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने बुधवार को मुख्यमंत्री के निर्देशों का पालन करने की औपचारिकता पूरी की। लुधपुरी मोहल्ले में परचून दुकानदार के घर पर प्रशासन की परोसी दही-जलेबी, पकौड़ी और पोहा खाया। महज 25 कदम के निरीक्षण में शिकायतों की बारिश हुई, तो अफसरों के हलक सूख गए। हालांकि मंत्री ने शिकायतों की ओर ध्यान नहीं दिया और तेज कदमों से सवारी पर सवार होकर निकल गए।
विज्ञापन

कानपुर मंडल के लिए गठित मंत्री समूह में कौशल विकास और व्यावसायिक शिक्षा राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल शामिल हैं। मंगलवार देर शाम को वे जनपद के दौरे पर सर्किट हाउस पहुंचे। पूर्व नियोजित कार्यक्रम के मुताबिक बुधवार सुबह शहर के लुधपुरी मोहल्ले में परचून दुकानदार बहादुर कठेरिया के घर पहुंचे। यहां प्रशासन ने पहले से ही बेहतरीन नाश्ते का इंतजाम कर रखा था। मंत्री जी ने बहादुर और उनके बच्चों के साथ ही दही-जलेबी, पोहा और पकौड़ी खाई। लगभग 25 कदम चलकर मलिन बस्ती के निरीक्षण की औपचारिकता पूरी कर दी।
इस दौरान जब स्थानीय लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को दूसरी किस्त न मिलने और जलभराव की समस्याएं बताईं, तो मंत्री जी इन्हें अनदेखा करते हुए तेजी से अपने वाहन की ओर बढ़ गए। हालांकि इस दौरान उन्होंने डीएम से समस्याओं का निस्तारण कराने के लिए कहा। इस दौरान डीएम राकेश मिश्रा, एसपी प्रशांत वर्मा समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन

जिसके घर किया नाश्ता उसे ही नहीं मिला योजनाओं का लाभ
मंत्री कपिल देव ने जिन बहादुर कठेरिया के घर पर नाश्ता किया, उन्हें भी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। बहादुर ने बताया कि उसने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए आवेदन किया था, लेकिन अब तक लाभ नहीं मिला। उज्ज्वला योजना के तहत उसे सिलिंडर और गैस भी नहीं मिली है, हालांकि उसकी मां को सिलिंडर मिला था।
जब निजी सचिव बोले, दही-जलेबी क्यों मंगाई
बहादुर कठेरिया के घर मंत्री जी के नाश्ते का पूरा इंतजाम प्रशासनिक अफसरों ने किया था। नाश्ते में दही-जलेबी देख मंत्री के निजी सचिव सकुचा गए। अधिशासी अधिकारी से नाराजगी जताते हुए कहा कि बाहर से दही-जलेबी क्यों मंगाई। इस पर अधिशासी अधिकारी भी सकते में आ गईं।
बच्चे स्कूल नहीं जाएंगे, तो भीख मांगेंगे
बहादुर कठेरिया के मकान से निकलते समय कुछ बच्चे रास्ते में मिल गए। बच्चों से पूछा कि स्कूल जाते हो, तो जवाब न में मिला। इस पर डीएम को निर्देश दिए कि अभिभावकों से बात कर इन सभी का दाखिल कराएं। फिर बोले, बच्चे स्कूल नहीं जाएंगे, तो भीख मांगेंगे।
रातभर लगी रही सफाई कर्मियों की फौज
मंत्री के आगमन के मद्देनजर लुधपुरा में नगर पालिका के सफाई कर्मियों की फौज मंगलवार रात ही उतार दी गई। सब कुछ चकाचक दिखाने की कोशिश हुई।
नजर नहीं आए जिम्मेदार भाजपाई
मलिन बस्ती के निरीक्षण और परचून दुकानदार के घर नाश्ते पर पहुंचे मंत्री जी के साथ कोई जिम्मेदार स्थानीय भाजपा नेता नजर नहीं आया। यहां तक की सभासद भी मौके पर नहीं पहुंचा। संगठन के लोग और जनप्रतिनिधि भी नजर नहीं आए।
तिखवा में लगाई चौपाल
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रशासनिक अफसरों के साथ तिखवा में स्थित कंपोजिट स्कूल में चौपाल लगाई। लगभग 40 मिनट तक चली चौपाल में सरकार की योजनाओं का बखान किया। पांच महिलाओं की गोद भराई और पांच बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम बाल विकास पुष्टाहार विभाग ने मंत्री से कराया। यहां छोटेलाल ने राशन कार्ड की तो सुधा ने आवास न मिलने की समस्या बताई। इसी तरह छोटेलाल, नाजरीन, राम सिंह, शकीना आदि ने भी समस्याएं बताईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें